बांसवाड़ा: सरकारी स्कूल में शिक्षिका की हत्या करने वाला आरोपी महिपाल भगोरा वारदात के 5 महीने बाद पुलिस की गिरफ्त में आ गया. कलिंजरा थाना पुलिस ने आरोपी को उदयपुर जिले से पकड़ा है. आरोपी ने 1 जुलाई को हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया था, जिसके बाद बांसवाड़ा पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी. एसपी सुधीर जोशी के अनुसार, आरोपी को कलिंजरा थाना लाकर उससे पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
सीसीटीवी में कैद थी वारदात
1 जुलाई को कलिंजरा कस्बे के बस स्टैंड पर आरोपी ने शिक्षिका पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी थी. बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतका के बीच पहले प्रेम संबंध रहे थे. तलवार से किए गए हमले की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी. हत्या के बाद आरोपी अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया था.
जंगलों में की गई थी व्यापक तलाश
हत्या के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बांसवाड़ा जिले के 8-9 थानों की संयुक्त टीमों के साथ जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया. करीब 50 घंटे तक डॉग स्क्वायड और ड्रोन की मदद से भी तलाश की गई, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा था. अंततः 5 महीने बाद पुलिस को सफलता मिली और महिपाल भगोरा को गिरफ्तार कर लिया गया.



