बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिले के सीमावर्ती सेड़वा उपखंड से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है. बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची डिस्कॉम टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस दौरान एक युवक द्वारा सहायक अभियंता (AEN) के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, सेड़वा डिस्कॉम कार्यालय के सहायक अभियंता अशोक कुमार अपनी टीम के साथ ‘लखमीरों की ढाणी’ पहुंचे थे. इलाके में अवैध बिजली कनेक्शनों की शिकायत मिलने पर जांच के दौरान एक मकान में सीधे केबल के जरिए बिजली चोरी पकड़ी गई. नियमानुसार जब टीम मीटर और अवैध केबल जब्त करने लगी, तो मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया.
विरोध बढ़ने पर ग्रामीणों ने डिस्कॉम की गाड़ी को रोकने की कोशिश की और वाहन के आगे स्कूटी लगा दी. वायरल हुए 1 मिनट 39 सेकंड के वीडियो में करमचंद नाम का युवक अधिकारियों से बहस करता नजर आ रहा है. वह बिल बकाया न होने की बात कहकर कार्रवाई का विरोध करता है, जबकि AEN उसे बिजली चोरी के सबूत दिखाते दिखाई देते हैं. इसी दौरान युवक ने अचानक AEN का कॉलर पकड़ लिया और उन्हें थप्पड़ मार दिया. आरोप है कि उसने सरकारी फाइलें भी छीनकर फाड़ दीं.
घटना की सूचना मिलते ही सेड़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाधिकारी प्रभुराम के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी करमचंद को हिरासत में ले लिया. AEN अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी ने मारपीट कर राजकार्य में बाधा पहुंचाई और सरकारी दस्तावेज नष्ट किए.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से मारपीट, राजकार्य में बाधा और सरकारी दस्तावेज नष्ट करने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. फिलहाल आरोपी को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जबकि जब्त सामान डिस्कॉम को सौंप दिया गया है.



