BollywoodIndia

आदित्य धर की ‘धुरंधर’ पर रामगोपाल वर्मा का बड़ा खुलासा, बोले- ‘सत्या’ और ‘कंपनी’ से प्रेरित है फिल्म

आदित्य धर की ‘धुरंधर’ पर रामगोपाल वर्मा का बड़ा खुलासा, बोले- ‘सत्या’ और ‘कंपनी’ से प्रेरित है फिल्म

Ram Gopal Varma On Dhurandhar: इस समय हर तरफ धुरंधर और इसके दूसरे भाग धुरंधर द रिवेंज की चर्चा हो रही है। दिसंबर 2025 में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी और दर्शकों के बीच खूब सुर्खियां बटोरी थीं। फिल्म की कहानी, किरदार और बारीक डिटेलिंग को लेकर फैंस लगातार नई-नई थ्योरी निकालते रहे हैं।

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें ‘धुरंधर’ के कुछ सीन की तुलना सत्या से की गई। कई यूजर्स का दावा था कि फिल्म के कुछ हिस्से रामगोपाल वर्मा की क्लासिक गैंगस्टर फिल्म से प्रेरित हैं। खासतौर पर फिल्म के रहमान डकैत के किरदार की तुलना मनोज बाजपेयी के आइकॉनिक किरदार भीकू म्हात्रे से की गई।

धुरंधर पर रामगोपाल वर्मा ने तोड़ी चुप्पी

अब इस पूरे मामले पर फिल्ममेकर रामगोपाल वर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में वह रेड लॉरी फिल्म फेस्टिवल में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने अपनी फिल्म शिवा पर बातचीत की। इसी दौरान दिए गए एक इंटरव्यू में उनसे पूछा गया कि सोशल मीडिया पर लोग ‘धुरंधर’ को ‘सत्या’ की कॉपी बता रहे हैं, इस पर उनका क्या कहना है।

इस सवाल का जवाब देते हुए रामगोपाल वर्मा ने कहा कि किसी भी फिल्ममेकर के काम में उन फिल्मों का असर दिखता है जिन्हें उसने देखा और पसंद किया होता है। उन्होंने बताया कि निर्देशक आदित्य धर ने खुद उनसे बातचीत में स्वीकार किया था कि वह उनकी फिल्मों से प्रभावित रहे हैं।

रामगोपाल वर्मा ने आगे कहा कि उनकी अपनी फिल्मों पर भी कई दूसरी फिल्मों का प्रभाव रहा है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने बताया कि ‘शिवा’ बनाते समय वह ब्रूस ली की फिल्म “Return of the Dragon” और सनी देओल की फिल्म ‘अर्जुन’ से प्रभावित थे। इसी तरह ‘सत्या’ में भी ‘द गॉडफादर’ और “Goodfellas” जैसी फिल्मों का असर देखने को मिलता है।

ये भी पढ़ें- ‘राजनीति 2’ पर काम शुरू! प्रकाश झा ने दिया बड़ा अपडेट, क्या फिर साथ दिखेंगे रणबीर कपूर और कैटरीना कैफ?

फिल्म को लेकर कह दी बड़ी बात

उन्होंने बताया कि जब आदित्य धर से उनकी बात हुई तो निर्देशक ने कहा था कि वह ‘सत्या’ और कंपनी से काफी प्रभावित थे। उसी प्रेरणा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपनी कहानी तैयार की और उसमें देशभक्ति का तत्व भी जोड़ा।

बता दें कि ‘धुरंधर’ की रिलीज के समय से ही रामगोपाल वर्मा इस फिल्म की तारीफ करते आए हैं और उन्होंने इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ा बदलाव बताया था। अब दर्शकों की नजरें फिल्म के सीक्वल धुरंधर द रिवेंज पर टिकी हैं, जो 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। पहले भाग की जबरदस्त सफलता के बाद उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा सकती है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply