समस्तीपुर: जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया व्यवस्था को खुली चुनौती दी है. थाना क्षेत्र के खजूरी छटियारी गांव के पास चौक स्थित एक सोना-चांदी की दुकान को निशाना बनाते हुए बाइक सवार बदमाशों ने लगभग ढाई लाख रुपए कीमत के सोने के गहने लेकर फरार हो गए. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 2 बाइक पर सवार 4 युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे.
उन्होंने दुकानदार से पहले सोने की चेन दिखाई जाने की मांग की, इसके बाद अलग-अलग प्रकार के सोने के गहने देखने लगे. इसी दौरान उन्होंने अधिक वजनदार और बड़े आकार के सोने के गहने दिखाने का दबाव बनाया. जब दुकानदार ने ऐसे गहने दुकान में नहीं होने की बात कही, तो बदमाशों ने अचानक हाथापाई शुरू कर दी और सोने के गहने लेकर मौके से फरार हो गए.
पीड़ित दुकानदार सचिन कुमार ने बताया कि वह मूल रूप से सीतामढ़ी जिले का निवासी है और पिछले दो वर्षों से खजूरी चौक पर सोना-चांदी व बर्तन की दुकान चला रहा है. घटना के बाद शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे. सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की.
दुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण बदमाशों की पहचान में परेशानी आ रही है, हालांकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. वहीं इस संबंध में पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा, दूसरी ओर इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और दुकानदारों ने समस्तीपुर पुलिस कप्तान से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी किए है.



