CrimeIndia

जबलपुर व्हीकल फैक्ट्री में सनसनी: चार्जमैन ने ऑफिस में लगाई फांसी!

जबलपुर :  व्हीकल फैक्ट्री के अंदर एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम लगभग 5 से 6 बजे के बीच पुलिस को सूचना मिली कि फैक्ट्री परिसर में कार्यरत एक कर्मचारी ने अपने कार्यालय के कमरे के अंदर खुद को बंद कर लिया है और फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया है.

सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची.दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई.इसके बाद कर्मचारी को नीचे उतारा गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई. मौके पर पंचनामा कार्रवाई की गई तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है.

मृतक की पहचान सैमसंग माटे (उम्र 57 वर्ष) के रूप में हुई है, जो व्हीकल फैक्ट्री में चार्जमैन के पद पर कार्यरत थे.वे कंचनपुर क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहते थे.उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं.बताया जा रहा है कि वे अपने कार्यक्षेत्र में एक वरिष्ठ और भरोसेमंद कर्मचारी माने जाते थे, जिसके चलते उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई थीं.

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है.प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक ने अपने पत्र में किसी व्यक्ति, अधिकारी या परिवार के सदस्य को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है.उन्होंने स्पष्ट रूप से लिखा है कि उन्हें परिवार या कार्यस्थल पर किसी प्रकार की प्रताड़ना नहीं थी.

हालांकि, सुसाइड नोट में उन्होंने यह जरूर उल्लेख किया है कि पिछले कुछ समय से वे सिविल मेंटेनेंस से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे.इस कार्य में वर्क ऑर्डर और तकनीकी प्रक्रियाओं को लेकर उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.कार्य का दबाव और आवश्यक जानकारी के अभाव के कारण वे मानसिक तनाव में रहने लगे थे.धीरे-धीरे यह तनाव बढ़ता गया, जिससे वे अंदर ही अंदर परेशान हो गए.

रविवार होने के बावजूद फैक्ट्री में काम जारी था और उसी सिलसिले में वे निरीक्षण के लिए अपने कार्यालय पहुंचे थे.इसी दौरान उन्होंने यह कदम उठा लिया.घटना के बाद पूरे फैक्ट्री परिसर में शोक का माहौल है.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं, तो उन्हें भी शामिल किया जाएगा.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply