श्रावस्ती: कौमी एकता के लिए मशहूर देवा में एक हिंदू युवक के साथ शर्मनाक घटना सामने आई है. आरोप है कि दुकानदार ने तिलक देखकर अभद्रता की और जबरन तिलक धो दिया. विरोध पर हाथापाई हुई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
कौमी एकता के लिए प्रसिद्ध देवा की दरगाह पर दर्शन करने गए एक युवक का आरोप है कि उनके माथे पर लगा टीका देखकर एक प्रसाद विक्रेता ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. दुस्साहस दिखाते हुए जबरन उसके माथे पर लगे तिलक को पानी से धो डाला. विरोध करने पर गाली-गलौज व हाथापाई की. पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है.
शहर के दशहरा बाग पटेल नगर के निवासी हरीश शर्मा के अनुसार वे सूफी संत की मजार पर दर्शन करने आए थे. दोपहर समय करीब तीन बजे मजार रोड पर सिन्नी-चादर बेचने वाले दुकानदार ने पहले पंडित कहकर बुलाया. फिर कहा कि यहां पर तिलक लगाए हुए हो.
यह कह करके उसने गालियां दी. तिलक को धोने के बाद धमकी देने लगा. इस दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला ने आपत्ति जताई तो दुकानदार ने उनसे भी अभद्रता की. देवा के इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है.
वहीं, बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है. पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई करने में जुटी है.



