

मेरठ में तीन लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, तीनों ने देसी शराब पी थी। शराब पीने के बाद हालत बिगड़ने पर इन्हें मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। मृतक दौराला थाना क्षेत्र स्थित एक ही गांव के रहने वाले थे। मामला सामने आते ही पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। एसएसपी ने थाना प्रभारी को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मृतकों ने शराब कहां से खरीदी और कौन बेच रहा था। इसकी जांच हो रही है।
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। जिस शराब के पीने से मौत बताई जा रही है, पुलिस और आबकारी विभाग की पूछताछ में पाया गया है कि टैटरापैक शराब की कई पेटियां शुक्रवार को बिकी है, लेकिन कहीं और से अनहोनी की खबर नहीं है। पोस्टमार्टम में बिसरा सुरक्षित रखा जायेगा। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद क्लियर होगा
बाबूराम के बेटे सचिन ने पुलिस को बताया कि तबीयत बिगड़ता हुआ देखकर तीनों को तुरंत टोल प्लाजा के निकट एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अंकित और जितेंद्र की ही मौत हो गई, जबकि बाबूराम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने जहरीली शराब पीने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी वी.के. सिंह, एसएसपी अवनीश पांडे और एसपी सिटी आयुष विक्रम समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शराब के ठेके को सील कर दिया है और पूरे प्रकरण की तत्परता से जांच के आदेश दिये है। प्रराम्भिक जांच के दौरान मौके से चार पव्वे भी मिले हैं। इनमें तीन ‘दिलकश’ ब्रांड के बताए जा रहे हैं, जबकि एक ‘बंटी जीरा मसाला’ नाम से बरामद हुआ है। आशंका है कि इसी शराब के सेवन से लोगों की हालत बिगड़ी, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।



