
यूपी में एसआईआर प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट के लिए जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर से तारीख बढ़ा दी गई है. यूपी के मुख्य चुनाव अधिकारी ने आज शुक्रवार को एसआईआर प्रक्रिया को लेकर तारीख बढ़ाने का ऐलान करते हुए एक और महीने के लिए बढ़ा दिया है. उनका कहना है कि एसआईआर को लेकर कई दल तारीख बढ़ाने की मांग कर रहे थे. अब 10 अप्रैल को फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी.
मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिणवा ने आज बताया कि उत्तर प्रदेश में SIR को लेकर दावे और आपत्तियों की तारीख फिर से बढ़ा दी गई है. इसे एक और महीने के लिए बढ़ाया गया है. उन्होंने बताया कि फॉर्म-7 की कुल संख्या 5 फरवरी तक 82,684 फॉर्म जबकि 37,80,414 फॉर्म-6 को 6 जनवरी से 4 फरवरी तक जमा कराया गया है. इसी तरह से 1073 ओवरसीज से एप्लीकेशन आए हैं.
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक फॉर्म्स 5 फरवरी को जमा कराए गए, इस दिन 3 लाख से ज्यादा फॉर्म्स आए.
एसआईआर की मियाद बढ़ाए जाने को लेकर नवदीप रिणवा ने बताया कि 27 जनवरी को राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक में तारीख फिर से बढ़ाने की मांग आई थी और सभी इस पर सहमत थे कि समय बढ़ाया जाना चाहिए. इसीलिए इसमें एक महीने का समय बढ़ाया गया है.
उन्होंने कहा कि दावे और आपत्तियों का समय एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया है. नोटिस का जवाब और सत्यापन के लिए एक महीना का वक्त बढ़ाया गया है. अब 6 मार्च तक फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 जमा करवा सकते हैं. नोटिस के सुनवाई की प्रक्रिया 27 मार्च तक चलेगी. 27 मार्च तक मैपिंग करवाया जा सकेगा और नोटिस का जवाब दे सकेंगे. जबकि फाइनल वोटर लिस्ट 10 अप्रैल को प्रकाशित होगी.



