कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा में सरेराह एक युवक को नग्न कर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक के सिर से खून बहता दिखाई दे रहा है. साथ ही एक शख्स यह कहते हुए सुनाई देता है कि युवक उसकी बाइक लेकर गया था और उसे कहीं बेच दिया.
जानकारी के अनुसार, यह घटना 30 मार्च 2026 के आसपास की बताई जा रही है. पीड़ित युवक का नाम अमरदास है, जो कावेरी विहार के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है. उसकी पत्नी अधिकारियों के घरों में साफ-सफाई का काम करती है. बताया जा रहा है कि युवक शराब का आदी है और वह पहचान के एक व्यक्ति की बाइक लेकर शराब पीने गया था, लेकिन लौटते समय बाइक साथ नहीं लाया.
जब उससे बाइक के बारे में पूछा गया तो वह गोल-मोल जवाब दे रहा था. इसके बाद कुछ लोगों ने उसे कपड़े उतरवाकर सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. वायरल वीडियो में मौके पर मौजूद कुछ लोग उससे उसकी हालत के बारे में पूछते नजर आ रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति उसे बाइक चोरी कर बेचने का आरोप लगाता सुनाई देता है. वहीं कुछ लोग डायल 112 पर कॉल करने की बात भी करते दिखाई दे रहे हैं.
मारपीट का मामला दर्ज
इस मामले में दर्री थाना प्रभारी आशीष सिह ने बताया कि इस मामले में मारपीट का मामला दर्ज किया गया है. वहीं आरोपी की तलाश की जा रही है.



