IndiaUttar Pradesh

60 हजार की रिश्वत नहीं दे पाया बेटा, इलाज के इंतजार में तड़प-तड़प कर पिता की मौत

60 हजार की रिश्वत नहीं दे पाया बेटा, इलाज के इंतजार में तड़प-तड़प कर पिता की मौत

उत्तर प्रदेश की बरेली जेल से एक बेहद चिंताजनक और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां कथित तौर पर रिश्वत न देने की वजह से एक कैदी की मौत हो गई। आरोप है कि समय पर इलाज न मिलने के कारण उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, कैदी को दिल का दौरा पड़ने के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।

वहां मौजूद सिपाहियों ने उसके बेटे से कथित रूप से 60 हजार रुपये की मांग की और कहा कि बिना पैसे दिए इलाज शुरू नहीं होगा। परिवार रुपये की व्यवस्था नहीं कर पाया, जिसके बाद कैदी की मौत हो गई। रिश्वत मांगने का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है।

स्टेंट डालने की बात कही गई, सिपाही ने पैसा मांगा
परिजनों का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में प्रारंभिक जांच के बाद स्टेंट डालने की बात कही गई, लेकिन साथ गए सिपाही ने बेटे आकाश से 60 हजार रुपये की मांग की। कहा गया कि रकम मिलने पर ही इलाज शुरू होगा, अन्यथा देरी हो सकती है।

बातचीत की रिकॉर्डिंग भी परिवार के पास होने का दावा
बताया जाता है कि इस संबंध में गांव के प्रधान से भी सिपाही की बात कराई गई, जहां भी उसने यही मांग दोहराई। यहां तक कहा गया कि यदि तत्काल पैसे दे दिए जाएं तो इलाज शुरू कर दिया जाएगा और बाद में यह रकम लौटा दी जाएगी। इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी परिवार के पास होने का दावा किया गया है।

मृतक की पत्नी पुष्पा देवी का कहना है कि पैसे की व्यवस्था न हो पाने के कारण 22 मार्च को उनके पति की मौत हो गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

क्या कहते हैं नियम?
जेल प्रशासन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, गंभीर मामलों में इलाज का खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाता है। डॉक्टर पहले खर्च का अनुमान (एस्टीमेट) बनाते हैं, जिसे शासन को भेजा जाता है। स्वीकृति मिलने के बाद भुगतान कर इलाज शुरू होता है।

हालांकि, आपात स्थिति में यह प्रक्रिया लागू नहीं होती। ऐसे मामलों में जेल प्रशासन तत्काल इलाज के लिए वैकल्पिक फंड से खर्च करता है और बाद में समायोजन कर लिया जाता है। नियमों के अनुसार, मरीज के परिजनों से किसी भी प्रकार की रकम मांगने का कोई प्रावधान नहीं है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply