
UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है. भीषण गर्मी के बीच प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के कई हिस्सों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. जानिए आपके शहर में आज मौसम कैसा रहने वाला है?
UP Weather Update today:उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ है. पिछले कई दिनों से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 2–3 दिनों तक प्रदेश में यही स्थिति बनी रहेगी, जिससे आम लोगों के साथ-साथ किसानों की चिंता भी बढ़ गई है.
आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से कुदरत अपना रौद्र रूप दिखा रही है. शनिवार और रविवार को राज्य के कई हिस्सों में हुई ओलावृष्टि ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं अब सोमवार यानी 6 अप्रैल 2026 को भी राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं. राजधानी लखनऊ समेत बाराबंकी, हरदोई और उन्नाव में भी आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
24 से 48 घंटे प्रदेश के लिए बेहद भारी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 24 से 48 घंटे प्रदेश के लिए बेहद भारी रहने वाले हैं. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में आज धूल भरी आंधी, मूसलाधार बारिश और ओले गिरने की प्रबल संभावना है.
खेतों में तबाही
यूपी में पिछले 48 घंटों में मौसम ने जो करवट ली है, उसका सबसे बुरा असर किसानों पर पड़ा है. इटावा, कन्नौज, उरई, महोबा, हमीरपुर और औरैया जैसे जिलों में हुई ओलावृष्टि ने गेहूं, सरसों और आम की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. रविवार को वेस्ट यूपी के संभल, मथुरा, हाथरस और बुलंदशहर में भी स्थिति गंभीर रही, जहां भारी ओलावृष्टि ने जमीन पर सफेद चादर बिछा दी.
‘बिजली और बारिश’ का खतरा
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, आज यानी सोमवार को प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ, बाराबंकी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, महोबा, झांसी, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर समेत कई जिलों में सोमवार से बुधवार तक तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
शुरू होगा नया वेदर सिस्टम
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का एक नया दौर वेस्ट यूपी से प्रवेश कर रहा है, जिसका असर पूरे प्रदेश में फैलेगा. अगले दो से तीन दिनों यानी बुधवार तक यूपी के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर आंधी-पानी का सिलसिला जारी रह सकता है.
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का रुख
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में मौसम का यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है. इसका असर सबसे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिखाई देगा और धीरे-धीरे पूरे राज्य में फैलेगा. विशेषज्ञों का अनुमान है कि अप्रैल महीने के दौरान ऐसा ही मौसम बना रह सकता है.
प्रशासन की अपील
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घर में सुरक्षित रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से बचने की सलाह दी है. बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है.



