
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर लंबे समय से सस्पेंस बना हुआ था, जिस पर अब पाकिस्तान की ओर से स्थिति लगभग साफ कर दी गई है। टूर्नामेंट से पहले इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने बड़ा बयान देकर हलचल मचा दी है।
भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में मुकाबला प्रस्तावित था, लेकिन अब इस मैच के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। शहबाज़ शरीफ के बयान के बाद यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि पाकिस्तान इस मुकाबले से दूरी बना सकता है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने भारत के खिलाफ मैच खेलने को लेकर साफ कहा कि यह फैसला काफी सोच-समझकर लिया गया है। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में भारत के साथ मैच खेलना संभव नहीं है। शहबाज़ शरीफ ने यह भी कहा कि पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ खड़ा है और भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला उनके लिए सही है।
IND vs PAK: PCB की चुप्पी बरकरार
इस पूरे मामले पर अब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह स्पष्ट नहीं है कि पीसीबी ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की जानकारी आईसीसी को औपचारिक रूप से दी है या नहीं। आईसीसी का रुख भी तब तक सामने आने की संभावना नहीं है, जब तक पीसीबी की ओर से आधिकारिक सूचना नहीं मिलती। फिलहाल भारत-पाकिस्तान मैच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल में शामिल है।
PM Shahbaz Sharif confirms Pakistan will boycott India match in T20 WC 2026.. Pakistan is firmly standing on his decision..#T20WorldCup2026 #INDvsPAK #Cricket26 #pakistancricket pic.twitter.com/L2B7nDMRHG
— Uneeb Panjutha (@uneebpanjutha) February 4, 2026
PM Shahbaz Sharif confirms Pakistan will boycott India match in T20 WC 2026.. Pakistan is firmly standing on his decision..#T20WorldCup2026 #INDvsPAK #Cricket26 #pakistancricket pic.twitter.com/L2B7nDMRHG
— Uneeb Panjutha (@uneebpanjutha) February 4, 2026
IND vs PAK: पहली बार कब सामने आई थी मैच न खेलने की बात?
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर पहली बार विवाद उस दिन सामने आया था, जब अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को हराया था। उसी दिन पाकिस्तान सरकार ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए बयान जारी कर कहा था कि वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मुकाबला नहीं खेलेगा।
IND vs PAK: बांग्लादेश विवाद से जुड़ा है फैसला
पाकिस्तान का यह फैसला सीधे तौर पर बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने से जुड़ा माना जा रहा है। बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद आईसीसी ने उसे बाहर कर दिया। इसके बाद ही पाकिस्तान ने भारत के साथ टी20 वर्ल्ड कप में मैच न खेलने का रुख अपनाया, जिससे पूरे टूर्नामेंट की तस्वीर पर असर पड़ता नजर आ रहा है।



