रीवा : शहर के व्यस्ततम इलाके सिरमौर चौराहे और अटल पार्क के समीप एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे एक शातिर अपराधी को अमहिया पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से पुलिस ने एक धारदार अवैध चाकू बरामद किया है.पुलिस की इस तत्परता से शहर में संभावित गंभीर अपराध टल गया है.
जानकारी के अनुसार, अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल को सूचना मिली थी कि अटल पार्क के बगल वाली पी.डब्ल्यू.डी. गली में एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है.सूचना मिलते ही अमहिया थाना प्रभारी उनि शिवा अग्रवाल ने अपनी टीम के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया.
पकड़े गए आरोपी की पहचान अतुल तिवारी (25 वर्ष), पिता भाई लाल तिवारी, निवासी नीम चौराहा, आनंद नगर थाना विश्वविद्यालय के रूप में हुई है.तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से लोहे का एक अवैध धारदार चाकू बरामद हुआ है.पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
अपराधी को पकड़ने में थाना प्रभारी अमहिया शिवा अग्रवाल, प्रधान आरक्षक रामसखा वर्मा, आरक्षक शिवाकांत शर्मा, आरक्षक विकास तिवारी, आरक्षक दिवाकर तिवारी और आरक्षक कौशलेंद्र सिंह परिहार की सराहनीय और मुख्य भूमिका रही.



