सुपौल: सुपौल में अब चोर का काफी मनोबल बढ़ गया है. अब घर के बदले माता के मंदिर को भी निशाना बनाने लगे हैं, सुपौल की विख्यात एक माता को मंदिर को चोर निशाना बनाया और लाखों रुपये के जेवरात उड़ा लिए. दरअसल आपको बता दें कि राजेश्वरी थाना क्षेत्र के तमुवा स्थित प्रसिद्ध मां राजेश्वरी भगवती मंदिर में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी. चोरों ने मंदिर के ग्रील तथा मुख्य दरवाजे का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और चढ़ावे में रखे करीब चार किलो चांदी तथा लगभग सवा किलो सोना लेकर फरार हो गए.
घटना की जानकारी मंदिर खुलने के बाद हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और मायूसी का माहौल बन गया. मंदिर के पुजारी रिंकू झा तथा ग्रामीणों ने बताया कि चोरों ने मां की पिंडी के ऊपर लगी तार में टंगी सोने-चांदी की झांप, कपड़ों पर लगी सभी टिकली तथा अन्य चढ़ावे के आभूषणों को भी खोलकर अपने साथ ले लिया. मंदिर के अंदर बिखरे सामान और टूटे ताले देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों ने काफी समय लेकर सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया. ग्रामीणों के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया हो. इससे पहले भी दो बार चोरी की घटना हो चुकी है.
ग्रामीणों का कहना है कि लगभग हर चार-पांच वर्ष के अंतराल पर मंदिर में चोरी की वारदात सामने आती रही है, जिससे लोगों में नाराजगी और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही राजेश्वरी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. वहीं त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली.
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संभावित सुराग जुटाने में लगी हुई है. वहीं चोरी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने स्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया. आश्वासन देते हुए बोले कि जल्द ही घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा.



