
Ghaziabad Weather Today: मार्च के दूसरे सप्ताह में ही गाजियाबाद समेत पश्चिमी यूपी में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने गाजियाबाद समेत प्रदेश के कई जिलों में अगले दो-तीन दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश के संकेत दिये हैं.
गाजियाबाद का मौसम
गाजियाबाद में गुरुवार 12 मार्च को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं रात का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. गुरुवार को सुबह से सूरज ने दमकना शुरू किया तो दोपहर तक गर्मी काटने लगी. लोगों को मार्च में ही जून सा अहसास होने लगा.
13 मार्ज: गाजियाबाद का मौसम
मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार 13 मार्च को भी शहर वासियों को गर्मी से राहत के कोई संकेत नहीं है. IMD की वेबसाइट के अनुसार 13 मार्च को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक जा सकता है वहीं न्यूनतम तापमान भी 20-21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दो दिन सूरज के प्रकोप के बाद फिर मौसम में राहत के संकेत हैं.
गाजियाबाद का AQI
इसी बीच गाजियाबाद में वायु गुणवत्ता भी चिंताजनक बनी हुई है. यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) करीब 165 दर्ज किया गया, जो “अनहेल्दी” श्रेणी में आता है. PM2.5 का स्तर लगभग 77 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और PM10 करीब 94 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रिकॉर्ड किया गया, जिससे संवेदनशील लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. दिन में कभी तेज धूप तो कभी बादल छा रहे हैं, जिससे तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. रात के तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है, जिससे दिन के तापमान पर भी असर पड़ रहा है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जैसे-जैसे रात का तापमान बढ़ता है, वैसे-वैसे दिन में गर्मी का असर और तेज हो जाता है.
बारिश के बाद फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 15 और 16 मार्च के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. इसके बाद 17 मार्च से मौसम फिर साफ हो सकता है और तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है.



