
Image Source : FREEPIK
कई लोग फिटनेस के लिए सिर्फ वजन घटाने पर जोर देते हैं। लेकिन एक बार वजन कम हो जाने के बाद तो अनुशासन कमजोर होने लगता है। डाइट और एक्सरसाइज में कमी आने लगती है। कई बार खान-पान की आदतों में भी लापरवाही बरतने लगते हैं। जिससे फिर से वजन बढ़ने लगता है। अगर आप लंबे समय तक खुद को फिट और पतला रखना चाहते हैं तो इसके लिए सिर्फ मोटापा घटाने का लक्ष्य न रखें बल्कि खुद को फिट रखने का टारगेट सेट करें। इसके लिए कुछ आदतों अपनी दिनचर्या में ऐसे शामिल करें कि वो बोझ न लगकर सामान्य आदतों की तरह आपकी लाइफस्टाइल में शामिल हो जाएं।
वजन घटाने के लिए असरदार टिप्स
इंस्टाग्राम पर फिटनेस ट्रेनर राज गणपथ ने वजन घटाने और मेंटेन रखने के लिए खास टिप्स बताए हैं। उन्होंने बताया कि स्थायी और दीर्घकालिक वजन घटाने के लिए केवल आदतों में बदलाव करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपनी सोच को पूरी तरह से बदलना भी जरूरी है।
छोटे नहीं बल्कि लंबे और बड़े गोल सेट करें
वजन घटाने के मामले में ज्यादातर लोग तुंरत मोटापा कम करने के बारे में सोचते हैं। तेजी से वजन घटाने के लिए लोग शॉर्टकट तरीके अपनाते हैं जिससे उस वक्त भले ही वजन कम हो जाए, लेकिन लंबे समय में फिर से मोटापा बढ़ने लगता है। जबकि आपको स्थाई और फिट रहने के लंबे तरीकों के बारे में सोचना चाहिए। आप खाने और एक्सरसाइज में ऐसी चीजों को शामिल करें जिन्हें आप लंबे समय तक आसानी से कर पाएं और वो आपकी लाइफस्टाइल का हिस्सा बन जाएं। आप अभी जो भी बदलाव कर रहे हैं, चाहे वो खान-पान हो या कोई भी एक्टिविटी से जुड़ा हो, खुद से यह सवाल पूछें कि क्या आप इसे अगले 3 महीनों तक या अगले 3 सालों तक जारी रख सकते हैं। अगर जवाब अगले 3 साल के लिए है तो आप लंबे समय तक खुद को फिट रख पाएंगे।
वजन घटाने और मेंटेन रखने के अंतर को समझें
फिटनेस कोच इस बात पर जोर देते हैं कि वजन घटाने और उसे बनाए रखने के बीच का अंतर बहुत कम है। कई लोग वजन घटाने की कोशिश में जी-जान लगा देते हैं, लेकिन वजन कम होते ही ढिलाई बरतते हैं। लेकिन उस वजन को बनाए रखने के लिए उतनी ही निरंतरता और नियमितता जरूरी है। अगर आपने आदतों को बदल लिया है तो लंबे समय तक वजन कम रखने में मदद मिल सकती है। लेकिन ज्यादातर लोग वजन घटाने के लिए बहुत मेहनत करते हैं। डाइट और एक्सरसाइज करते हैं। नींद और तनाव को कम करते हैं लेकिन वजन कम होने के बाद वे मेहनत करना छोड़ देते हैं। इससे वजन तेजी से बढ़ने लगता है। ध्यान रखें कि ये ऐसे है कि जब आप काम पर जाना बंद कर देते हैं तो वेतन मिलना भी बंद हो जाता है।
वजन घटाने से ज्यादा वजन कंट्रोल करने पर ध्यान दें
फिटनेस ट्रेनर इस बात पर जोर देते हैं कि आपको अपना नजरिया वजन घटाने से बदलकर वजन को कंट्रोल करने में बदलना होगा। इसमें प्रक्रिया वही है सिर्फ आपका टारगेट बदल जाता है। आप इसमें कम समय में वजन घटाने पर नहीं बल्कि लंबे समय में वजन कंट्रोल करने की आदतों पर ध्यान देते हैं। इसलिए आपको वजन घटाने के बारे में सोचना बंद करके, वजन कंट्रोल करने के बारे में सोचना शुरू करना चाहिए। यानि आप 10,20,30 सालों तक अपनी दिनचर्या में ऐसे बदलाव लाने की ओर कदम बढ़ाएं जिससे आपका वजन कंट्रोल रहे।



