
Hast Rekha: अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोग दिन-रात कड़ी मेहनत करते हैं और उनकी आमदनी भी अच्छी होती है, लेकिन महीने के अंत तक उनका हाथ खाली हो जाता है. लाख कोशिशों के बावजूद बचत नहीं हो पाती और पैसा पानी की तरह बह जाता है. हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, आपकी हथेली की लकीरें साफ संकेत देती हैं कि आपके जीवन में पैसा बचा पाएंगे या नहीं. हथेली में बनी धन रेखा और भाग्य रेखा व्यक्ति की आर्थिक स्थिति और खर्च करने की आदतों के बारे में बहुत कुछ संकेत देती हैं. हथेली की इन लकीरों के जरिए कोई यह समझ सकता है कि उसके जीवन में कितना धन आएगा या पैसा पानी की तरह बहेगा. ऐसे में आइए हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार जानते हैं उन संकेतों के बारे में जो आर्थिक तंगी या धन हानि की ओर इशारा करते हैं.
हथेली में इस जगह होती है धन रेखा
हस्तरेखा शास्त्र के मुताबिक, हमारी अनामिका उंगली (Ring Finger) के नीचे का हिस्सा सूर्य पर्वत कहलाता है. इस स्थान से नीचे की ओर जाने वाली रेखा, जो मस्तिष्क और हृदय रेखा को पार करती है, उसे ‘धन रेखा’ (Money Line) कहा जाता है. यह रेखा न सिर्फ आपकी कमाई, बल्कि आपके निवेश, पद-प्रतिष्ठा और समाज में आपकी आर्थिक स्थिति को भी दर्शाती है.
टूटी या लहरदार धन रेखा
अगर आपकी धन रेखा सीधी और गहरी होने के बजाय टेढ़ी-मेढ़ी, बहुत पतली या बीच-बीच में टूटी हुई है, तो यह आर्थिक अस्थिरता का संकेत है. ऐसे लोगों के पास पैसा आता तो है, लेकिन वह किसी न किसी वजह से खर्च हो जाता है. अक्सर अचानक बीमारी या अनचाहे खर्चों के कारण इनकी जमा पूंजी खत्म हो जाती है.
रेखाओं का कटना
अगर कोई अन्य छोटी रेखा आपकी मुख्य धन रेखा को काट रही है, तो यह एक प्रकार से चेतावनी है. हथेली के जिस बिंदु पर रेखा कटती है, जीवन के उस पड़ाव पर व्यक्ति को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. ऐसे जातकों को किसी को उधार देने या बड़े निवेश से पहले सौ बार सोचना चाहिए.
सूर्य और शनि पर्वत की स्थिति
यदि सूर्य रेखा कटी हुई हो और शनि पर्वत (बीच वाली उंगली के नीचे) पर स्थित भाग्य रेखा दो हिस्सों में बंट जाए, तो यह आर्थिक संघर्ष को दर्शाता है. ऐसे लोगों को जीवन में स्थिरता पाने के लिए बहुत अधिक परिश्रम करना पड़ता है और अक्सर इन्हें पैतृक संपत्ति के रखरखाव में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
ऐसे में क्या करें उपाय
जीवन में आर्थिक स्थिति को अच्छा रखने के लिए प्रत्येक शुक्रवार को मां लक्ष्मी की पूजा करें और शुद्ध घी का दीपक जलाएं. ऐसा करने से धन का नुकसान कम होता है और धन-आगम का स्रोत बना रहता है. कुंडली में शुक्र को मजबूत करने के लिए शुक्रवार के दिन चावल, दूध या मिश्री जैसी सफेद चीजों का दान करना शुभ माना जाता है. इसके अलावा ‘ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं श्री सिद्ध लक्ष्म्यै नम:’ मंत्र का जाप करें और कुबेर देव की उपासना करें.



