

हिंदू कैलेंडर के वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि का बहुत महत्व है। इस तिथि को सनातन धर्म में अक्षय तृतीया के नाम से जाना जाता है। यह त्योहार मां लक्ष्मी का विशेष कृपा प्राप्ति के लिए भी बेहद उत्तम समय माना जाता है। कहा जाता है कि इस तिथि पर जो भी शुभ काम किया जाता है चाहे वह खरीदारी हो, दान हो या किसी नए कार्य की शुरुआत करना हो, उसका शुभ फल प्राप्त होता है। इस दिन सोने की खरीदारी करने का भी विशेष महत्व है। इस साल 19 अप्रैल 2020 को अक्षय तृतीया मनाई जाएगी। तो फिर तलिए जान लेते हैं इस साल अक्षय तृतीया पर सोने की खरीदारी का सबसे शुभ मुहूर्त कौन सा है।
इस साल वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि की शुरुआत 19 अप्रैल को सुबह 10 बजकर 49 मिनट से हो रही है। इसका समापन 20 अप्रैल को सुबह 7 बजकर 49 मिनट पर होगा। ऐसे में 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया मनाई जाएगी।
अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन सोना-चांदी खरीदने से घर में सुख-समृद्धि और धन में वृद्धि होती है। अब बात कर लेते हैं गोल्ड खरीदने के शुभ समय की तो आप 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया सुबह 10 बजकर 49 मिनट से लेकर पूरा दिन खरीदारी के लिए कभी भी समय निकाल सकते हैं। द्रिक पंचांग के अनुसार, 20 अप्रैल को भी सुबह 05 बजकर 51 मिनट से लेकर सुबह 7 बजकर 27 मिनट के बीच खरीदारी कर सकते हैं। ऐसे में इस साल की अक्षय तृतीया पर सोना-चांदी आदि की खरीदारी के लिए बहुत अधिक का शुभ समय मिल रहा है
खरीदारी के लिए चौघड़िया मुहूर्त
प्रात: मुहूर्त (चर, लाभ, अमृत) – सुबह 10 बजकर 49 मिनट से दोपहर 12 बजकर 20 मिनट तक
अपराह्न मुहूर्त (शुभ) – दोपहर 01 बजकर 58 मिनट से लेकर दोपहर 03 बजकर 35 मिनट तक
सायाह्न मुहूर्त (शुभ, अमृत, चर) – शाम 06 बजकर 49 मिनट से लेकर रात 10 बजकर 57 मिनट तक
अक्षय तृतीया का महत्व
अक्षय तृतीया को अखा तीज भी कहते हैं। अक्षय तृतीया के दिन अबूझ मुहूर्त होता है। इस शुभ तिथि को आर्थिक उन्नति प्रदान करने वाला पर्व माना जाता है। इस तिथि पर शादी, मुंडन, गृह प्रवेश समेत कोई भी मांगलिक काम को करने के लिए शुभ मुहूर्त देखने की आवश्यकता नहीं होती। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षय तृतीया के दिन शुभ दिन से ही त्रेतायुग का आरंभ माना जाता है। विष्णु जी के छठवें अवतार भगवान परशुराम की जयंती भी इसी दिन पड़ती है।


