
यूपी के औरैया में एक महिला और उसकी बहन के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला के ससुराल वाले और ननद उन्हें पीटते हुए दिख रही हैं। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच को शुरू कर दिया है।
पीड़ित की पहचान आकांक्षा तिवारी के रूप में हुई है। उनकी शादी 3 मई, 2023 को शिवकुमार तिवारी से हुई थी। उनकी 1 साल 4 महीने की एक बेटी है। आकांक्षा के पति शिव कुमार का निधन 28 अगस्त, 2025 को हो गया था। पति की मृत्यु के बाद से ही उनके ससुर और ननद कथित तौर पर उन्हें घर से निकलने के लिए प्रताड़ित कर रही थीं।
आकांक्षा के अनुसार, ससुराल वाले पहले भी कई बार उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर चुके थे। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। उन्होंने 112 नंबर पर शिकायत की थी, इसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर समझौता कराया था। लगभग 1 महीने पहले आकांक्षा ने अपने माता-पिता को इस स्थिति के बारे में बताया था। तब से आकांक्षा की छोटी बहन प्रतीक्षा उनके साथ ही रह रही थीं। वायरल वीडियो में दिख रही घटना 10 मार्च, 2026 को दोपहर करीब 5 बजे हुई थी।
बताया गया है कि आकांक्षा के ससुर ने आकांक्षा और उसकी बहन प्रतीक्षा को अपशब्द कहते हुए घर से निकल जाने को कहा। जब आकांक्षा ने इसका विरोध किया तो ससुर और ननदों ने आकांक्षा को कथित तौर पर घर के अंदर से खींचकर बाहर निकाला और दोबारा पीटा। इसमें उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं।
मारपीट की घटना के कुछ हिस्से को आकांक्षा की बहन प्रतीक्षा ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था। और यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू को कर दिया है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई करने की बात कही जा रही है। पुलिस का कहना है कि पड़ताल की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसे सजा दिलाई जाएगी। किसी को भी कानून को हाथ में लेने की अनुमति नहीं है।



