
Most Runs in T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी को होने वाली है. यह पहला ऐसा संस्करण जिसमें न तो विराट कोहली दिखेंगे और न ही रोहित शर्मा. दोनों ने पिछली बार 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था. भारत खिताब बचाने के लिए सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में उतरेगा. इस बार विराट के नहीं होने पर उनके कुछ रिकॉर्ड खतरे में हैं. कोहली टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनका यह रिकॉर्ड टूट सकता है. हम आपको यहां टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों के बारे में बता रहे हैं…
विराट कोहली
दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में एक विराट कोहली ने 2012 से 2024 तक 35 टी20 वर्ल्ड तक मैचों में 1292 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 58.72 का रहा है. कोहली ने 15 अर्धशतक ठोके हैं. उनके नाम 111 चौके और 35 छक्के हैं.
रोहित शर्मा
कोहली की तरह ही भारत के दूसरे महान खिलाड़ी रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं. रोहित ने 47 मैचों में 1220 रन बनाए हैं. उनका औसत 34.85 और स्ट्राइक रेट 133.04 का रहा है. रोहित ने 12 अर्धशतक जड़े हैं. उनके खाते में 115 चौके और 50 छक्के दर्ज हैं.
महेला जयवर्धने
श्रीलंका के दिग्गज कप्तान महेला जयवर्धने ने 2007 से 2014 तक 31 मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 1016 रन बनाए. वह इस टूर्नामेंट में एक शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं. जयवर्धने ने 42.20 की औसत और 147.23 की स्ट्राइक रेट से रन बटोरे हैं.
जोस बटलर
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर इस लिस्ट में शामिल टॉप-5 खिलाड़ियों में इकलौते ऐसे क्रिकेटर हैं जो अभी भी सक्रिय हैं. बटलर ने 35 मैचों में 1013 रन बनाए हैं. उनके नाम 1 शतक और 5 अर्धशतक हैं. बटलर अगर आगामी टी20 वर्ल्ड कप में 280 रन बना लेते हैं तो टूर्नामेंट के इतिहास में विराट को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे.
डेविड वॉर्नर
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज डेविड वॉर्नर लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं. उन्होंने 41 मैचों में 984 रन बनाए हैं. वॉर्नर संन्यास ले चुके हैं और वह टूर्नामेंट के इतिहास में 1000 रन पूरे करने से 16 रन दूर रह गए.



