CrimeIndia

माँ दधिमती मंदिर में बवाल! पुजारियों पर मारपीट और जबरन वसूली के गंभीर आरोप

नागौर : जिले के गोठ मांगलोद स्थित प्रसिद्ध माँ दधिमती मंदिर में पुजारियों पर तानाशाही, अभद्र व्यवहार और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। इस संबंध में अखिल भारतवर्षीय दायमा (दाधीच) ब्राह्मण सभा, कुचामन सिटी ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

एसडीएम विश्वामित्र मीणा के जरिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि दाधीच समाज, जो महर्षि दधीचि की संतानों के रूप में अपनी कुलदेवी माँ दधीमति के इस पवित्र धाम में नियमित रूप से पूजा-अर्चना करता है, हाल के दिनों में मंदिर परिसर में असुरक्षा और भय का माहौल महसूस कर रहा है. आरोप है कि मंदिर के पुजारी वर्ग द्वारा श्रद्धालुओं से जबरन धन वसूली की जाती है और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है.

समाज के प्रतिनिधियों के अनुसार 19 मार्च 2026 को चैत्र नवरात्रि के पहले दिन आयोजित देवी भागवत कार्यक्रम के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो गई, जब दाधीच महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण दाधीच के साथ कथित रूप से पुजारियों ने मारपीट की, उनके कपड़े फाड़ दिए और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इस घटना को समाज ने शर्मनाक बताते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं.

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार पुजारियों द्वारा श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप सामने आए हैं। यहां तक कि एक बार मंदिर परिसर में पिस्तौल लाकर धमकाने का भी आरोप लगाया गया है,
जिससे श्रद्धालुओं में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.

दाधीच समाज कुचामन सिटी के अध्यक्ष आनंद व्यास ने इस बारे में कहा कि माँ दधिमती का यह पवित्र मंदिर हमारी आस्था का केंद्र है, लेकिन यहां जिस प्रकार से पुजारियों द्वारा तानाशाही और गुंडागर्दी की जा रही है, वह अत्यंत दुखद और अस्वीकार्य है.समाज अब इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगा.हम चाहते हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो और मंदिर का वातावरण फिर से श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित बनाया जाए.

समाज ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुजारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और मंदिर की पवित्रता एवं गरिमा बनी रहे.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply