CrimeIndia

उत्तर प्रदेश: मनरेगा मजदूरों को 75 दिन से नहीं मिली मजदूरी, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति को ज्ञापन…

 

सुल्तानपुर: सुल्तानपुर जिले में कांग्रेस ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर मनरेगा मजदूरों और संविदा कर्मियों के लंबित भुगतान को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को एक ज्ञापन भेजा, जिसमें तत्काल भुगतान और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है.

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मनरेगा के तहत काम करने वाले लगभग एक करोड़ परिवारों को पिछले 75 दिनों से मजदूरी नहीं मिली है. राज्य में मनरेगा का लगभग 2 हजार करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है. इसके अतिरिक्त, मनरेगा योजना लागू करने वाले ग्राम रोजगार सेवकों सहित लगभग 40,000 संविदा कर्मियों को भी पिछले आठ महीने से मानदेय नहीं मिला है.

इस वित्तीय संकट के कारण गरीब जॉब कार्ड धारक और रोजगार सेवक प्रभावित हुए हैं. ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की है कि मनरेगा के तहत कार्यरत एक करोड़ मजदूर परिवारों को 75 दिनों का लंबित भुगतान तुरंत किया जाए। साथ ही, 40 हजार संविदा कर्मियों और रोजगार सेवकों के आठ महीने का बकाया मानदेय भी दिलाया जाए. पार्टी ने यह भी मांग की कि मनरेगा मजदूरों की मजदूरी का भुगतान न करने वाले सरकारी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.

कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति इन मांगों को पूरा करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को आवश्यक आदेश जारी करेंगे. प्रदर्शन में हौसिला भीम, रणजीत सलूजा, हामिद राइनी, मोहसिन सलीम, मानस तिवारी, सलाउद्दीन हाश्मी, अनवर शाही, ओम प्रकाश सिंह, निकिलेश सरोज और राहुल तिवारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply