CrimeIndia

उत्तर प्रदेश: चोरों ने लाखों के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी उड़ाई, पुलिस जांच में जुटी

 

भरथना/इटावा: कस्बा भरथना के मोहल्ला राजागंज में अज्ञात बदमाशों ने एक ही रात में दो घरों और एक ब्यूटी पार्लर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ली। एक साथ तीन जगह चोरी की घटना सामने आने से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है.

पहली चोरी की घटना विनोद शुक्ला पुत्र जयकृष्ण शुक्ला के घर में हुई. सोमवार तड़के करीब 3:50 बजे विनोद शुक्ला अपनी पत्नी गीता शुक्ला के साथ रोजाना की तरह टहलने के लिए बाहर निकले थे.

इसी दौरान बदमाश घर में घुस आए. घर के अंदर अकेली सो रही पुत्रवधू नेहा शुक्ला को कुछ आहट सुनाई दी. जैसे ही उन्होंने आवाज लगाई, बदमाश अलमारी के लॉकर में रखे एक थैले में मौजूद करीब 40 लाख रुपये कीमती सोने-चांदी के आभूषण समेटकर फरार हो गए। शोर सुनकर पड़ोसी जागे, लेकिन तब तक बदमाश मौके से भाग चुके थे.

इससे पहले बदमाशों ने पास में ही स्थित डाकघर अभिकर्ता रामवेद शर्मा के सूने घर को निशाना बनाया. रामवेद शर्मा की बेटी की 11 दिसंबर को कानपुर में शादी होनी है, जिसके चलते वे परिवार समेत घर बंद कर कानपुर गए हुए हैं. बदमाशों ने घर के ताले तोड़कर जमकर लूटपाट की. कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला. गृहस्वामी के लौटने के बाद ही चोरी गए माल का सही आकलन हो पापहल.

इसी क्रम में बदमाशों ने नजदीक ही कुछ दिन पहले खुले नए ब्यूटी पार्लर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बाजपेई नगर निवासी पार्लर संचालिका राधा शुक्ला पत्नी आकाश शुक्ला की दुकान के शटर का ताला तोड़कर बदमाशों ने गोलक में रखी करीब 4 हजार रुपये नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया.

पार्लर संचालिका को चोरी की जानकारी सुबह करीब 9 बजे उस समय हुई जब वे रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचीं. ताले टूटे देख उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों स्थानों का निरीक्षण किया और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply