
Chole Kulche Vendor : विदेशियों से जुड़ी लूटपाट और धोखाधड़ी की खबरें अक्सर सुर्खियां बनती हैं, जो देश की छवि पर सवाल खड़े करती हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इस सोच को बदलने वाला है।
इसमें एक स्ट्रीट फूड विक्रेता की दरियादिली लोगों का दिल जीत रही है। वीडियो में एक विदेशी लड़की बड़े उत्साह के साथ छोले-कुल्चे खाने के लिए एक ठेले पर पहुंचती है। वह मुस्कुराते हुए प्लेट लेने से पहले पैसे देने की कोशिश करती है, ताकि पहले ही भुगतान कर दे।
यही तो असली हिंदुस्तान है जहाँ मेहमान को पैसे से नहीं दिल से खिलाया जाता है
इंसानियत और अपनापन ही हमारी सबसे बड़ी पहचान है ❤️ pic.twitter.com/wj9mSNmWyB— Zoya Khan (@Zoyakhan7025) February 8, 2026
छोले-कुल्चे की दरियादिली का वीडियो वायरल
जैसे ही लड़की पैसे आगे बढ़ाती है, दुकानदार मुस्कुराते हुए ‘नो मनी’ कहकर पैसे लेने से इनकार कर देता है। लड़की कई बार उसे पैसे देने की कोशिश करती है, लेकिन दुकानदार बार-बार मना करता है और कहता है कि वह उससे पैसे नहीं लेगा।
वीडियो में दोनों के बीच की यह बातचीत बेहद सादगी भरी और दिल को छू लेने वाली है। आखिरकार जब दुकानदार अपनी बात पर अडिग रहता है, तो लड़की ‘धन्यवाद’ कहकर खाने की तारीफ करने लगती है।
लोगों ने मेहमाननवाज़ी की तारीफ की
इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भावुक हो गए। कई लोगों ने इसे भारतीय संस्कृति और मेहमाननवाज़ी की असली पहचान बताया। एक यूजर ने लिखा कि ऐसे लोग ही देश का नाम रोशन करते हैं।
वहीं दूसरे ने कहा कि यही हमारा प्यारा हिंदुस्तान है, जहां दिल से मेहमानों का स्वागत किया जाता है। यह छोटा सा वीडियो एक बड़ी सीख देता है कि अच्छाई और इंसानियत आज भी जिंदा है।



