
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE
कुशीनगर: यूपी के कुशीनगर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां हाटा कोतवाली क्षेत्र में पैसे देने से इनकार करने पर देवर ने अपनी भाभी की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि देवर का मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसने भाभी से कुछ रुपये मांगे थे, जिसे देने से इनकार करने पर उसने भाभी पर फावड़े से हमला कर दिया। हालांकि लहूलुहान हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
पैसे नहीं देने पर की हत्या
पुलिस के अनुसार यह घटना हाटा नगर के सहबाजपुर वार्ड में बुधवार को हुई। यहां सुनीता बुधवार शाम को घर के कामकाज में व्यस्त थीं, तभी उसके देवर बृजमोहन उर्फ डब्लू ने उससे कुछ रुपये मांगे। पैसे न होने की बात कह सुनीता ने इनकार कर दिया। बताया जा रहा कि इससे नाराज होकर बृजमोहन बाहर आया और फावड़ा लेकर तेजी से घर के भीतर गया। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले उसने सुनीता पर फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने सुनीता को खून से लथपथ हालत में देखा।
मानसिक रूप से बीमार था देवर
आनन-फानन में सुनीता को एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मौके पर पहुंचे हाटा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने रोजगार के सिलसिले में गुजरात गए सुनीता के पति ओमप्रकाश सिंह से बात कर जानकारी ली। गांव के लोगों के अनुसार चार माह पहले ही ओमप्रकाश गुजरात गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी बृजमोहन मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। बृजमोहन के पिता हिरामन सिंह बुधवार को ही उसे दिखाने गोरखपुर ले गए थे।
बेटे को बचाने के लिए बाप ने लगा दी जान की बाजी, मगरमच्छ के जबड़े से बचाकर लाया
यूपी पुलिस ने ‘मलद्वार’ से निकलवा ली चांदी, चोरी के बाद निगल लिया था चोर; खिलानी पड़ी थी दवा



