
UP News: उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को लेकर योगी सरकार ऐक्शन मोड में है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद अधिकारियों को किसानों के नुकसान की भरपाई जल्द से जल्द करने के निर्देश दे रखे हैं। शनिवार को प्रमुख सचिव राजस्व ने इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए।
उन्होंने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को जारी निर्देश में कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुये फसल क्षति का आकलन कराते हुए 24 घंटे के अंदर प्रभावित किसानों को राहत राशि का वितरण करना सुनिश्चित करें। प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यू ने कहा कि जनहित के कामों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं। राहत राशि वितरण के कामों में शिथिलता बरतने पर लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्यवाही करने के भी निर्देश उन्होंने दिए हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गये निर्देशों के क्रम में बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों और प्रभावित परिवारों को राहत राशि का वितरण सुनिश्चित करने हेतु प्रमुख सचिव राजस्व श्रीमती अपर्णा यू ने शनिवार को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारी बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान के कारण हुए फसल क्षति का आकलन कराते हुए 24 घंटे के अंदर प्रभावित किसानों को राहत राशि का वितरण करना सुनिश्चित करें।
प्रमुख सचिव राजस्व द्वारा शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री भवन स्थिति सभागार में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान से हुए फसल क्षति, जनहानि, मकान क्षति, पशुहानि इत्यादि पर दिये गये राहत राशि वितरण की समीक्षा की गयी। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों, समस्त अपर जिलाधिकारी राजस्व सहित राजस्व व राहत कार्मिकों को संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता पर राहत कार्यो को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया।
राहत वितरण के लिए बजट की कोई कमी नहीं
उन्होंने कहा कि राहत राशि जारी किये जाने के लिए शासन में बजट की कोई कमी नहीं है। राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा 15 मार्च, 2026 से अब तक 20 करोड़ रुपए की राहत धनराशि जनपदों को निर्गत की गई है। उन्होंने कहा कि अगर किसी जनपद में बजट की कोई कमी हो तो वे तत्काल इसकी मांग राहत आयुक्त कार्यालय से कर लें। उन्होंने जिलाधिकारियों को प्रत्येक प्रभावित परिवारों के मध्य राहत राशि का वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। प्रमुख सचिव ने राहत राशि वितरण कार्यों में शिथिलता बरतने पर लापरवाह कार्मिक के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
इस नंबर पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत
प्रमुख सचिव राजस्व ने जनसामान्य से अपील की कि राहत राशि प्राप्त करने में कठिनाई होने पर राहत आयुक्त कार्यालय में संचालित टोल फ्री नम्बर पर 1070 पर शिकायत दर्ज करायें।
मौसम विभाग ने जारी की है ये चेतावनी
प्रमुख सचिव ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च तक विभिन्न जनपदों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान आने की चेतावनी जारी की गयी है ऐसी स्थिति में जनसामान्य सतर्क रहते हुए सावधानी पूर्वक अपने कार्यों को करें। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में जनसामान्य के मध्य खराब मौसम से संबंधित सूचनाओं को विभिन्न माध्यमों से प्रसारित कराने का निर्देश दिया।
अब तक हुई है ये हानि
उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारियों से प्राप्त सूचना के अनुसार 15 मार्च, 2026 से 28 मार्च, 2026 तक बेमौसम बारिश में कुल 17 जनहानि, 11 पशुहानि तथा सहारनपुर और ललितपुर में 1661.75 हेक्टेयर फसल क्षति हुयी है। प्रमुख सचिव राजस्व ने बताया कि राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा रेड एलर्ट, ऑरेंज एलर्ट तथा यलो एलर्ट जनपदों में खराब मौसम संबंधी सूचनाओं को सचेत एप के माध्यम से लगभग 13 करोड़ मैसेज भेजकर जनसामान्य को जागरूक किया गया।



