उत्तर प्रदेश के बलिया में एक दरोगा के ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड के मामले में बड़ा इनपुट सामने आया है. आरोप है कि दरोगों को एक महिला ब्लैकमेल कर रही थी. इस संबंध में दरोगा के परिजनों ने पुलिस में शिकायत भी दी है. फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है. मामला बलिया में चित्तबड़ागांव थाना क्षेत्र का है. दरोगा की तैनाती भी इसी थाने में थी.

चितबड़ागांव थाने में तैनात दरोगा संदीप कुमार के परिजनों ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि एक महिला उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी. परिजनों ने महिला पर दरोगा को सुसाइड के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने महिलाको हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. बलिया पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के मुताबिक मामले की हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है.
शनिवार की ही घटना
पुलिस के मुताबिक शनिवार की देर शाम दरोगा के सुसाइड की सूचना मिली थी. इस सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और शिनाख्त कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि परिजनों ने महिला के खिलाफ तहरीर देकर जांच को एक नई दिशा दे दी. इसके बाद महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
महिला का मिला पुराना रिकार्ड
पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला का आपराधिक रिकार्ड मिला है. इससे पहले उसने एक कांस्टेबल के खिलाफ सिकंदरपुर थाने में रेप का मुकदमा दर्ज कराया था. इस मामले में कांस्टेबल को अरेस्ट कर जेल भेजा गया था. बाद में यह मामला संदिग्ध पाया गया था. पुलिस के मुताबिक यही महिला अब दरोगा संदीप के संपर्क में थी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है.


