टाइप2 डायबिटीज हमेशा ऐसी बीमारी नहीं है, जिसमें सुधार की कोई गुंजाइश न हो. जीवनशैली में लगातार सकारात्मक बदलाव, विशेष रूप से वजन को नियंत्रित रखना, खानपान में सुधार और नियमित शारीरिक गतिविधियां अपनाकर कुछ लोग डायबिटीज के रिमिशन तक पहुंच सकते हैं. हालांकि, रिमिशन का अर्थ बीमारी का पूरी तरह ठीक हो जाना नहीं है.

इसलिए नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच और चिकित्सकीय निगरानी जारी रखना बेहद जरूरी है.
क्या जेनेटिक से भी होती है डायबिटीज
डायबिटीज के विकास में अनुवांशिकता की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है. जनसंख्या आधारित अध्ययनों के अनुसार, यदि मातापिता में से किसी एक को टाइप2 डायबिटीज है, तो व्यक्ति में जीवनकाल के दौरान इस बीमारी का जोखिम लगभग 40 प्रतिशत हो सकता है. वहीं, यदि माता और पिता दोनों को डायबिटीज है, तो यह जोखिम बढ़कर लगभग 70 प्रतिशत तक पहुंच सकता है. हालांकि, ये आंकड़े जनसंख्या आधारित अध्ययनों पर निर्भर करते हैं और किसी व्यक्ति के लिए जोखिम का केवल अनुमान देते हैं.
दरअसल, जीन हमारे बॉडी की कार्यप्रणाली से जुड़ी जानकारी रखते हैं. इनसे तय होता है कि शरीर में इंसुलिन कैसे बनेगा और कोशिकाएं इंसुलिन के प्रति कैसी प्रतिक्रिया देंगी. जब किसी इंसान को फैमिली से ऐसे जीन मिलते हैं जो इंसुलिन बनाने वाली पैंक्रियाज की बीटा कोशिकाओं के काम या इंसुलिन की प्रभावशीलता को प्रभावित करते हैं, तो उसमें डायबिटीज का जोखिम बढ़ सकता है.
टाइप2 डायबिटीज में कई जीन वेरिएंट एक साथ जोखिम बढ़ा सकते हैं. परिवार में डायबिटीज का इतिहास होने पर व्यक्ति को अपनी सेहत के प्रति अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता होती है. ऐसे लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित खानपान और एक्टिव लाइफस्टाइलपर खास ध्यान देना चाहिए.
डायबिटीज से बचाव का सबसे महत्वपूर्ण पहलू शरीर में होने वाले शुरुआती बदलावों की समय रहते पहचान करना और उचित कदम उठाना है, ताकि ये बदलाव आगे चलकर किसी गंभीर और दीर्घकालिक बीमारी का रूप न ले सकें.
डायबिटीज से बचने के लिए महिलाएं क्या करें?
डॉ. विजय मूर्ति, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर फंक्शनल मेडिसिन, द विमेन्स हॉस्पिटल , Delhi बताते हैं कि महिलाओं में डायबिटीज की रोकथाम के प्रयास 40 वर्ष की उम्र से पहले ही शुरू हो जाने चाहिए. डायबिटीज के शुरुआती संकेत कई साल पहले ही कुछ स्वास्थ्य स्थितियों के रूप में सामने आ सकते हैं, जैसे पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम , गर्भावस्था के दौरान डायबिटीज का इतिहास और इंसुलिन रेजिस्टेंस. भारत में 30 वर्ष की उम्र से ब्लड शुगर की नियमित जांच कराने की सलाह दी जाती है.
बचाव कैसे करें
जिन लोगों में डायबिटीज के जोखिम कारक मौजूद हैं, उन्हें इससे पहले भी जांच करानी चाहिए. ब्लड शुगर की नियमित जांच, भोजन में पर्याप्त मात्रा में हरी सब्जियां, दालें और साबुत अनाज शामिल करना तथा नियमित रूप से शारीरिक रूप से सक्रिय रहना डायबिटीज के जोखिम को कम करने में काफी मददगार हो सकता है.



