BusinessIndia

​क्या होम लोन चुकाने के लिए EPF का पैसा निकाल सकते हैं, जानिए कितना लगेगा टैक्स?

नौकरीपेशा लोगों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि यानी पीएफ का पैसा रिटायरमेंट के लिहाज से काफी अहम होता है. लेकिन कई बार घर खरीदने या होम लोन का बोझ कम करने के लिए पीएफ में जमा रकम निकालने की जरूरत पड़ जाती है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या होम लोन चुकाने के लिए PF का पैसा निकाला जा सकता है?

​क्या होम लोन चुकाने के लिए EPF का पैसा निकाल सकते हैं, जानिए कितना लगेगा टैक्स?

इसके लिए कितने साल की नौकरी जरूरी है और क्या इस रकम पर टैक्स भी देना पड़ता है? वहीं, नौकरी छोड़ने या रिटायर होने के बाद पीएफ खाते में जमा पैसे पर कितने समय तक ब्याज मिलता रहता है?

होम लोन चुकाने के लिए निकाल सकते हैं पीएफ का पैसा

द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, EPF से होम लोन चुकाने के लिए पैसे निकाले जा सकते हैं, हालांकि, इसके लिए कुछ शर्तें पूरी करनी होती हैं. मौजूदा होम लोन चुकाने के लिए कर्मचारी की कुल EPF सदस्यता कम से कम 10 साल होनी चाहिए. हालांकि, आवास से जुड़ी कुछ विशेष सुविधाओं के तहत हाउसिंग सोसायटी के सदस्यों या पहली बार घर खरीदने वालों को तीन साल की सेवा के बाद भी पीएफ में जमा रकम का 90% तक निकालने की अनुमति मिल सकती है.

इसके लिए जरूरी है कि जिस मकान के लिए पैसा निकाला जा रहा है, वह कर्मचारी, उसके पति या पत्नी के नाम पर हो या दोनों के संयुक्त नाम पर रजिस्टर्ड हो. यानी किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर मौजूद मकान के लिए पीएफ निकालने की अनुमति नहीं मिलती.

5 साल की नौकरी पर नहीं देना होगा टैक्स

पीएफ से पैसा निकालने पर टैक्स लगेगा या नहीं, यह आपकी लगातार नौकरी और EPF सदस्यता की अवधि पर निर्भर करता है. अगर आपकी कुल लगातार सेवा 5 साल या उससे ज्यादा है, तो पीएफ से निकाली गई रकम टैक्स फ्री होती है. इस स्थिति में टीडीएस भी नहीं कटता है. यहां अलगअलग कंपनियों में की गई नौकरी की अवधि को भी जोड़ा जाता है, बशर्ते EPF सदस्यता में जरूरी निरंतरता बनी रही हो.

वहीं, अगर आपकी कुल सेवा 5 साल से कम है, तो निकाली गई रकम को टैक्स योग्य आय माना जा सकता है. इसके अलावा, 50,000 रुपए से ज्यादा की निकासी पर 10% टीडीएस कट सकता है. इसलिए पीएफ निकालने से पहले अपनी नौकरी की कुल अवधि और टैक्स से जुड़े नियमों को समझना जरूरी है.

विशेषज्ञ के मुताबिक, अगर आपके होम लोन की ब्याज दर EPF पर मिलने वाले ब्याज से ज्यादा है, तो पीएफ का पैसा इस्तेमाल करके लोन का मूलधन कम करना फायदेमंद हो सकता है. लेकिन इसका दूसरा पहलू भी है. पीएफ रिटायरमेंट के लिए जमा की गई रकम है. इसे समय से पहले निकालने पर भविष्य में मिलने वाले ब्याज और कंपाउंडिंग का फायदा कम हो जाता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply