
अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक क्रूज शिप से समुद्र में गिरे पियानोवादक की जिंदगी उस समय बच गई, जब दो मछुआरों ने उसे खुले समंदर में तैरते हुए देख लिया। बताया जा रहा है कि वह करीब 9 घंटे तक समुद्र में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता रहा। मछुआरों ने उसे अपनी नाव पर खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
रॉयल कैरेबियन के क्रूज शिप पर करता था काम
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना कैलिफोर्निया के न्यूपोर्ट बीच के पास शुक्रवार को हुई। बचाए गए व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। उसने मछुआरों को बताया कि वह रॉयल कैरेबियन के 14 डेक वाले क्रूज शिप ‘ओवेशन ऑफ द सीज’ में पियानोवादक के रूप में काम करता है।
अधिकारियों का अनुमान है कि वह शुक्रवार तड़के करीब 2:30 बजे जहाज से समुद्र में गिरा होगा। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में पानी में गिरा, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
समुद्र में मछली पकड़कर लौट रहे थे दो मछुआरे
इस घटना में सीन नॉर्टन और ग्रांट गैरेट नाम के दो मछुआरों ने अहम भूमिका निभाई। दोनों कैटालिना द्वीप के पास मछली पकड़ने के बाद अपनी नाव से लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे उनकी नजर समुद्र में तैरते एक व्यक्ति पर पड़ी।
स्थिति की गंभीरता समझते ही दोनों ने मछली पकड़ने का सामान समेटा और नाव रोक दी। इसके बाद उन्होंने समुद्र में फंसे व्यक्ति को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।
नाव पर पहुंचते ही बोला- मुझे लगा था अब नहीं बचूंगा
दोनों मछुआरों ने काफी प्रयास के बाद पियानोवादक को अपनी नाव पर खींच लिया। सीन नॉर्टन के मुताबिक, बचाए जाने के बाद वह व्यक्ति काफी सदमे में था। होश संभालने पर उसने मछुआरों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उसे लग रहा था कि अब उसकी जान नहीं बचेगी।
व्यक्ति को बचाने के बाद मछुआरों ने समुद्री आपातकालीन सेवा को सूचना दी। इसके बाद न्यूपोर्ट बीच के लाइफगार्ड मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
करीब 9 घंटे तक समुद्र में कैसे बची जान?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मछुआरों ने बताया कि उस समय समुद्र का तापमान लगभग 76 डिग्री फारेनहाइट यानी 24.4 डिग्री सेल्सियस था। माना जा रहा है कि अपेक्षाकृत अनुकूल तापमान ने व्यक्ति के इतने लंबे समय तक पानी में जीवित रहने में मदद की होगी।
हालांकि, खुले समुद्र में कई घंटों तक रहना बेहद खतरनाक हो सकता है। ठंड, थकान, लहरों और डूबने का खतरा किसी की भी जान ले सकता है। इसलिए उसका सुरक्षित बच निकलना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।



