नई दिल्ली/शिमला/श्रीनगर। देश के अलगअलग हिस्सों में मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। पहाड़ी राज्यों में बारिश, बर्फबारी और बादल फटने की घटनाओं ने जनजीवन प्रभावित किया है, जबकि उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में तेज गर्मी और लू का असर बना हुआ है। कई राज्यों में आंधी, तूफान और बिजली गिरने से जानमाल का नुकसान भी हुआ है।
देश में दक्षिणपश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है, लेकिन मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। जम्मूकश्मीर से लेकर पूर्वोत्तर के हिमालयी राज्यों और पूर्वी और दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश और झारखंड समेत कई राज्यों में आंधीतूफान कहर बरपा रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में आसमान से आग बरस रही है और ज्यादातर जगहों पर पारा 40 डिग्री के पार चल रहा है। सोमवार को देश में सबसे अधिक तापमान उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। इन राज्यों में अगले चारपांच दिन गर्मी का सितम जारी रहने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों रोहतांग दर्रा समेत पांगी की ऊंची चोटियों पर सोमवार को बर्फबारी हुई। कुल्लू और चंबा जिलों के निचले इलाकों में जमकर बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में बारिश तथा अंधड़ चला। हल्की बारिश और बर्फबारी से मौसम ठंडा हो गया है। हालांकि, ऊना 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म बना हुआ है। जम्मूकश्मीर के बारामुला जिले के कंडी इलाके में रविवार देर रात अचानक बादल फटने से बाढ़ आ गई और कई इलाके पानी में डूब गए और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुए। हालांकि, गनीमत रही कि जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। कश्मीर घाटी में सुबह तेज धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद बादल छाए और देखते ही देखते तूफानी बारिश शुरू हो गई, जिसमें कई घरों की छतों के टिन उड़ गए। श्रीनगर समेत कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान पंजाब में बारिश के साथ कुछ जगहों पर ओले गिरे। पश्चिम बंगाल के उप हिमालयी क्षेत्रों और मेघालय में अत्यधिक बारिश हुई। ओडिशा, बिहार, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और त्रिपुरा में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों, झारखंड, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में 4081 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी तूफान ने कहर बरपाया। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी पड़ी और लू जैसे हालात रहे। उधर, झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश के दौरान बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा खूंटी जिले में 4 मौतें दर्ज की गई, जबकि रामगढ़ में दो और लोहरदगा, देवघर, जामतारा, साहिबगंज और गिरिडीह जिले में एकएक व्यक्ति की मौत हुई।
राजस्थान में धूल भरी आंधी का अलर्ट
पश्चिमी राजस्थान सहित राज्य के कई इलाकों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर इनकी गति 80 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंचने की चेतावनी दी है। धूल भरी आंधी की संभावना को देखते हुए लोगों को खुले क्षेत्रों से दूर रहने और वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तर से दक्षिण तक आंधीतूफान के आसार
बिहार, झारखंड और ओडिशा में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में गरजचमक के साथ तेज हवा और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और ऊंचे पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की अपील की है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार मध्य भारत की ओर बढ़ा
दो हफ्ते तक धीमी चाल से चलने के बाद दक्षिणपश्चिम मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है और मध्य भारत की तरफ से तेजी से बढ़ रहा है। आईएमडी के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को पुष्टि की है कि मानसून अब पूरी ताकत के साथ देश के मध्यवर्ती क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। इस नए संवेग से खरीफ की फसलों की बुआई में तेजी आएगी और उत्तरमध्य भारत को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। मानसून अब महाराष्ट्र, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों को कवर कर लिया है, साथ ही कर्नाटक के बाकी बचे इलाकों में भी पहुंच गया है। अगले 48 घंटों के दौरान मानसून के मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, तेलंगाना और ओडिशा के बाकी हिस्सों, तथा छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हैं।
यूपी से तेलंगाना तक गर्मी में झुलसे
आईएमडी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जहां देश का सर्वाधिक 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, वहीं महाराष्ट्र के वर्धा में भी पारा 43 डिग्री पर रहा। इसके अलावा, मध्य प्रदेश के दतिया, तेलंगाना के अदिलाबाद, महाराष्ट्र के अमरावती और उत्तर प्रदेश के बहराईच, कानपुर, फुरसतगंज, वांदा, वाराणसी और उरई में भी अधिकतम तापमान 42.2 से 41.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।


