
गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश: गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र के बयाना गांव में नौ माह के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मासूम की मां ने अपने पति पर ही बेटे की गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति ने बच्चे की मौत को सामान्य बताकर जल्दबाजी में उसका शव दफना दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घर लौटने पर कमरे में मिला मासूम
पीड़िता प्रियंका के मुताबिक, सोमवार तड़के वह अपनी सास के साथ गांव के पास काम पर गई थी। उस समय घर में उसका पति अभिषेक और ननद खुशबू मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान अभिषेक ने उनके नौ माह के बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। महिला का कहना है कि घटना के वक्त उसकी ननद नहाने गई हुई थी।
प्रियंका ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे जब वह घर लौटी और पति से बच्चे के बारे में पूछा तो उसने बताया कि बेटा कमरे में सो रहा है। कमरे में पहुंचने पर बच्चा कोई हरकत नहीं कर रहा था। मां ने उसके गले पर निशान भी देखे, जिसके बाद उसे शक हुआ कि बच्चे के साथ कुछ गलत हुआ है।
मौत को सामान्य बताकर दफनाने का आरोप
महिला का आरोप है कि बच्चे की हालत देखकर वह उसे अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पति ने बच्चे की मौत को प्राकृतिक बताकर शव दफनाने का दबाव बनाया। आरोप है कि उसकी मर्जी के खिलाफ बच्चे को दफना भी दिया गया।
दोपहर बाद मायके पक्ष के लोग पहुंचे तो प्रियंका ने थाने जाकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उसने बच्चे के गले पर दिखाई दे रहे निशानों की तस्वीरें भी पुलिस को सौंपी हैं।
दिवाली की रात पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद
प्रियंका ने पुलिस को बताया कि दिवाली की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान पति ने बेटे को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी थी। महिला ने आरोप लगाया कि अभिषेक नशे का आदी है और शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित करता रहा है। दोनों की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। प्रियंका मेहनत-मजदूरी करके परिवार का गुजारा करती है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
एसीपी मसूरी प्रियाश्री पाल के मुताबिक, आरोपी अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्र से बाहर निकलवाने की प्रक्रिया जिलाधिकारी की अनुमति के बाद की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों और पुलिस के प्रारंभिक बयान के आधार पर तैयार की गई है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।



