IndiaUttar Pradesh

​छठ पर घर जाने वालों की बल्ले-बल्ले! UP में दौड़ेंगी 14000 बसें, दिल्ली से पूर्वांचल के लिए 550 बसों का इंतजाम

Chhath Puja Special Bus and Train: छठ महापर्व पर अपने घर जाने वाले लोगों को सफर में परेशानी न हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने खास इंतजाम किए हैं. त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 14 हजार से अधिक बसें संचालित की जाएंगी. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ समेत बड़े शहरों से पूर्वांचल के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी. अकेले दिल्ली से पूर्वांचल के प्रमुख शहरों के लिए करीब 550 बसों का संचालन किया जा रहा है.

​छठ पर घर जाने वालों की बल्ले-बल्ले! UP में दौड़ेंगी 14000 बसें, दिल्ली से पूर्वांचल के लिए 550 बसों का इंतजाम

सरकार ने परिवहन निगम के अधिकारियों को 17 नवंबर तक ज्यादा से ज्यादा बसें चलाने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा और महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है. सरकार का प्रयास है कि छठ पर घर लौटने वाले लोगों को बसों की कमी के कारण घंटों इंतजार न करना पड़े.

17 नवंबर तक चलेंगी अतिरिक्त बसें

अपर मुख्य सचिव परिवहन अमृत अभिजात ने बताया कि छठ महापर्व पर पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ और दूसरे महानगरों में बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग रहते हैं. त्योहार पर ये लोग अपने परिवार के साथ छठ मनाने के लिए घर लौटते हैं.

ऐसे में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम को अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि 17 नवंबर तक अधिक से अधिक बसों का संचालन किया जाएगा. अधिकारियों को बसों की उपलब्धता बनाए रखने और यात्रियों के आवागमन को व्यवस्थित करने के लिए कहा गया है, ताकि लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो.

रात में भी सफर के लिए मिल रही बसें

सरकार ने दिन के साथ रात में भी बसों के संचालन पर जोर दिया है. परिवहन विभाग के मुताबिक, रात में प्रतिदिन दो लाख से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं. फिलहाल रात के समय परिवहन विभाग की करीब 5 हजार बसें चल रही हैं. कानूनव्यवस्था में सुधार के कारण रात में यात्रा करने वाले लोगों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है. रात में बसों की संख्या बढ़ने से नौकरीपेशा लोगों, छात्राओं और महिलाओं को अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा करने का विकल्प मिल रहा है. सरकार ने महिला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए हैं.

रेलवे ने भी चलाईं 2 स्पेशल ट्रेनें

छठ पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी राहत देने की तैयारी की है. दिल्ली से बनारस और चंडीगढ़ से मऊ के बीच 14 नवंबर को एकएक फेरे के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. दोनों ट्रेनें लखनऊ होकर गुजरेंगी. उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, नई दिल्ली से ट्रेन नंबर 04248 शाम छह बजे रवाना होगी. यह गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और हरदोई होते हुए रात 2:25 बजे लखनऊ पहुंचेगी. यहां 10 मिनट रुकने के बाद सुल्तानपुर और जौनपुर सिटी होते हुए अगले दिन सुबह नौ बजे बनारस पहुंचेगी. इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच होंगे.

वहीं ट्रेन नंबर 04532 चंडीगढ़ से 14 नवंबर की रात 11:30 बजे रवाना होगी. यह अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर होते हुए अगले दिन सुबह 11:35 बजे लखनऊ पहुंचेगी. यहां 10 मिनट ठहराव के बाद रायबरेली, मां बेल्हादेवी प्रतापगढ़, वाराणसी जंक्शन और औड़िहार होते हुए रात 9:30 बजे मऊ पहुंचेगी. इस ट्रेन में स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply