नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने छोटे व्यापारियों के बीच यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस को अपनाने के बुनियादी ढांचे का विस्तार करने के लिए ‘UPI व्यापार सक्षम योजना’ शुरू की है. इस योजना के तहत, पात्रता शर्तों को पूरा करने पर, हर फिजिकल QR कोड के लिए 300 रुपए और हर साउंडबॉक्स के लिए 750 रुपए का इंसेंटिव दिया जाएगा. 11 नवंबर को जारी एक सर्कुलर में, NPCI ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नए छोटे व्यापारियों को UPI से जोड़ना और UPI ट्रांजेक्शन में लगातार बढ़ोतरी को बढ़ावा देना है, खासकर छोटे शहरों और उन इलाकों में जहां अभी तक UPI की पहुंच कम है. यह योजना टियर 3 से टियर 6 सेंटर्स, पूर्वोत्तर राज्यों, जम्मूकश्मीर और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेशों, तथा केंद्र सरकार की अधिसूचित योजनाओं के अंतर्गत आने वाले पात्र व्यापारियों पर केंद्रित होगी.

जारी किया सर्कूलर
सर्कुलर में कहा गया है कि NPCI ने UPI स्वीकार करने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करने, नए छोटे व्यापारियों को जोड़ने और UPI ट्रांजेक्शन में लगातार बढ़ोतरी को बढ़ावा देने के लिए ‘UPI व्यापार सक्षम योजना’ शुरू की है. सर्कुलर के अनुसार, इस योजना में UPI स्वीकार करने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर को लगाना शामिल है. इसके साथ ही, लगातार इस्तेमाल और ट्रांजेक्शन में बढ़ोतरी को प्रोत्साहित करने के लिए ट्रांजेक्शन से जुड़े इंसेंटिव भी दिए जाएंगे. इस इंसेंटिव ढांचे के तीन हिस्से हैं. जिसमें नए व्यापारियों को जोड़ना, ट्रांजेक्शन में बढ़ोतरी और अतिरिक्त बढ़ोतरी शामिल हैं. इनके लिए फंड का आवंटन क्रमशः 30 प्रतिशत, 50 प्रतिशत और 20 प्रतिशत रखा गया है.
किसे कितना मिलेगा इंसेंटिव?
पहले हिस्से के तहत, जो नए व्यापारियों को जोड़ने पर केंद्रित है, प्रति QR कोड 300 रुपए और प्रति साउंडबॉक्स 750 रुपए का इंसेंटिव दिया जाएगा. इसके लिए पात्र होने के लिए, व्यापारियों को तीन में से कम से कम दो महीनों में कम से कम 25 योग्य ट्रांजेक्शन करने होंगे, और हर महीने ट्रांजेक्शन की कुल वैल्यू कम से कम 5,000 रुपए होनी चाहिए. पात्रता शर्तों के अनुसार, व्यापारियों का लक्षित भौगोलिक क्षेत्रों में होना या केंद्र सरकार की अधिसूचित योजनाओं के अंतर्गत आना भी जरूरी है.
दूसरे हिस्से के लिए इंसेंटिव फंड का 50 प्रतिशत हिस्सा रखा गया है. इसका उद्देश्य ट्रांजेक्शन में बढ़ोतरी को प्रोत्साहित करना है, जिसके लिए इंसेंटिव को हर तिमाही में होने वाली योग्य UPI ट्रांजेक्शन की मात्रा में बढ़ोतरी से जोड़ा गया है. इस घटक के तहत, प्रोत्साहन पाने के लिए पात्र लेनदेन की मात्रा में हर तिमाही कम से कम 5 प्रतिशत की वृद्धि होना आवश्यक है. सर्कुलर के अनुसार, प्रोत्साहन राशि को कुल पात्र लेनदेन मूल्य के 0.03 प्रतिशत पर तय किया गया है, और टारगेटेड जियोग्रफी के लिए इसमें 50 प्रतिशत का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी दिया जाएगा.
वहीं, ‘घटक C’ जो फंड के शेष 20 प्रतिशत हिस्से को कवर करता है का उद्देश्य लक्षित क्षेत्रों में लेनदेन की अतिरिक्त वृद्धि को बढ़ावा देना है. इस घटक के तहत, इंसेंटिव की कैलकुलेशन पिछली तिमाही की तुलना में पात्र लेनदेन के इंक्रीमेंटल वैल्यू के 0.20 प्रतिशत के आधार पर की जाएगी. यह राशि ‘घटक B’ के तहत मिलने वाले प्रोत्साहन के अतिरिक्त होगी. इस योजना के ढांचे में भुगतान स्वीकार करने के बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए इंसेंटिव और लेनदेन गतिविधियों से जुड़े इनाम, दोनों शामिल हैं. इसका उद्देश्य नए व्यापारियों को जोड़ने और डिजिटल पेमेंट के लिए UPI का लगातार उपयोग करने को बढ़ावा देना है.



