उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में हत्या के एक आरोपी ने दोपहर में कोतवाली पहुंचकर सरेंडर कर दिया. वह हाथों में तख्ती लेकर थाने पहुंचा था. हालांकि, शाम होतेहोते पुलिस ने उसका हाफ एनकाउंटर कर दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान उसने पुलिस पर गोली चलाने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी. घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मामला गाजीपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहाव गांव का है. बीती रात यहां जुआ खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था. इस दौरान पड़ोसी गांव बकराबाद के ग्राम प्रधान की ओर से गोली चलाए जाने का आरोप है. गोली लगने से अजय पासी की मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र नाम का युवक घायल हो गया.
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. एक युवक की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश था. लोगों ने वाराणसीगोरखपुर हाईवे पर करीब दो से तीन घंटे तक जाम लगा दिया. जाम खुलवाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस ने लोगों को समझाकर किसी तरह यातायात बहाल कराया.
हाथ में तख्ती लेकर कोतवाली पहुंचा आरोपी
हत्या की घटना के बाद आरोपी संजय बिंद फरार था. पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. बताया जा रहा है कि एनकाउंटर के डर से संजय ने खुद ही कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया. वह दोपहर में हाथों में तख्ती लेकर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया.
उसके आत्मसमर्पण के बाद माना जा रहा था कि अब पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई करेगी. लेकिन कुछ ही घंटों बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया.
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, देर शाम आरोपी संजय बिंद को हत्या में इस्तेमाल किए गए असलहे की बरामदगी के लिए उसके बताए गए स्थान पर ले जाया गया था. इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर गोली चलाने का प्रयास किया. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. इसमें संजय के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
गाजीपुर के एसपी विनय कुमार सिंह ने मामले की जानकारी दी. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. शुरुआती घटना में गोली चलाने और हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है.



