IndiaUttar Pradesh

​दो भाइयों की सगाई में सत्ता का महाकुंभ! कल्याण सिंह परिवार में दोहरी खुशियों का जश्न, अलीगढ़ में CM योगी समेत जुटे सियासत दिग्गज

उत्तर प्रदेश की राजनीति के दिग्गज, पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल रहे स्वर्गीय कल्याण सिंह का परिवार अलीगढ़ में एक भव्य आयोजन में एक साथ जुटा. इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई हुई. यह आयोजन न केवल उनके निजी जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत बना, बल्कि इसमें सत्ता के गलियारों की कई प्रभावशाली हस्तियां भी शामिल हुईं.

​दो भाइयों की सगाई में सत्ता का महाकुंभ! कल्याण सिंह परिवार में दोहरी खुशियों का जश्न, अलीगढ़ में CM योगी समेत जुटे सियासत दिग्गज

अलीगढ़, जो अपने ताला उद्योग के लिए मशहूर है, वहां लगभग 100 बीघे के क्षेत्र में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे. इस कार्यक्रम के दौरान संदीप सिंह की सगाई मेघना चौधरी से हुई, जबकि उनके छोटे भाई सौरभ सिंह ने अंतरा त्यागी के साथ अपने जीवन के एक नए सफर की शुरुआत की. धूमधाम ऐसी कि सैकड़ों गांवों तक न्योता पहुंचा, हजारों नहीं बल्कि लाखों लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई और सुरक्षा ऐसी कि बिना पास के परिंदा भी पर नहीं मार सकता था.

कल्याण सिंह परिवार में दोहरी खुशियों का जश्न

अलीगढ़ की तालानगरी में शनिवार का दिन कल्याण सिंह परिवार के लिए यादगार बन गया. पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के पौत्र और उत्तर प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह की सगाई मेघना चौधरी के साथ संपन्न हुई, वहीं उनके छोटे भाई सौरभ सिंह ने अंतरा त्यागी के साथ सगाई की रस्म पूरी की.

एक ही परिवार में दो सगाइयां एक ही आयोजन स्थल पर दो जोड़ों की नई जिंदगी की शुरुआत और इस खुशी में शामिल होने के लिए प्रदेशभर से राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक क्षेत्र की तमाम बड़ी हस्तियां पहुंचीं. इस समारोह की कहानी सिर्फ राजनीतिक रसूख और भव्य आयोजन तक सीमित नहीं है. इसके पीछे दोस्ती और रिश्ते की भी एक खूबसूरत कहानी है.

DPS की दोस्ती अब रिश्तेदारी में बदली

संदीप सिंह और मेघना चौधरी की मुलाकात डीपीएस में पढ़ाई के दौरान हुई थी. साथ पढ़तेपढ़ते दोस्ती का रिश्ता बना और अब दोनों परिवारों की सहमति से यह दोस्ती रिश्तेदारी में बदल गई. मेघना मूल रूप से गोंडा की रहने वाली हैं और वर्तमान में गाजियाबाद में रहती हैं. वहीं छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई अंतरा त्यागी के साथ हुई. अंतरा के परिवार का संबंध सहारनपुर से बताया गया है. इस तरह एक ही दिन कल्याण सिंह परिवार में दो नई रिश्तेदारियों की शुरुआत हुई.

शादी के कार्ड पर मुख्यमंत्री ने ली चुटकी

संदीप सिंह की शादी के कार्ड को लेकर मुख्यमंत्री योगी ने मुस्कुराते हुए चुटकी ली. उन्होंने कहा कि कार्ड उन्होंने धर्मपत्नी के दबाव में दिया है, इतना सुनते ही मंच पर मौजूद अतिथियों के चेहरों पर मुस्कान आ गई और समारोह में ठहाके गूंजने लगे. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि संदीप सिंह उनके मंत्रिमंडल में मंत्री हैं, इसलिए उन्हें तो उन्होंने पहले ही आमंत्रित कर लिया था. राजनीतिक गंभीरता के बीच मुख्यमंत्री का यह पारिवारिक और मजाकिया अंदाज समारोह का खास आकर्षण बन गया.

मुख्यमंत्री योगी समेत कई दिग्गज नेता पहुंचे

सगाई समारोह में उत्तर प्रदेश की राजनीति के कई बड़े चेहरों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अंडमाननिकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी और श्रम राज्यमंत्री मनोहर लाल उर्फ मन्नू कोरी समेत कई प्रमुख हस्तियों ने समारोह में शिरकत की. इसके अलावा सांसद, विधायक, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी आयोजन में पहुंचे कुल मिलाकर अलीगढ़ में इस पारिवारिक समारोह ने राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन जैसा नजारा पेश किया.

100 बीघा में डेढ़ लाख मेहमानों के भोजन का इंतजाम

समारोह की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तालानगरी में करीब 100 बीघा क्षेत्र में विशाल आयोजन स्थल तैयार किया गया था. बड़ेबड़े पंडाल, अलगअलग मंच, वीवीआईपी मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था, खानपान के लिए कई रसोईघर और मेहमानों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए. आयोजकों की ओर से करीब डेढ़ लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी. अतरौली विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों तक निमंत्रण पहुंचाया गया था. बड़ी संख्या में ग्रामीण, समर्थक, कार्यकर्ता और रिश्तेदार समारोह में शामिल हुए. कई तरह के व्यंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस आयोजन की रौनक बढ़ाते नजर आए.

पुलिस और प्रशासन रहा अलर्ट

इतने बड़े आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था भी किसी चुनौती से कम नहीं थी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वीवीआईपी मेहमानों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. समारोह स्थल के मुख्य प्रवेश द्वार पर कड़ी चेकिंग की गई. हर आने वाले व्यक्ति की जांच, वाहनों की तलाशी और पास की पुष्टि के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा था. सिर्फ अधिकृत कार पास वाले वाहनों को अंदर जाने की अनुमति थी. यहां तक कि परिवार के रिश्तेदारों को भी सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा.

वीवीआईपी प्रोटोकॉल के तहत अलगअलग प्रवेश द्वार और विशेष पंडाल की व्यवस्था की गई थी. करीब 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारियों की जानकारी सामने आई थी. पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद रहीं.

राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक जमावड़ा

अलीगढ़ की धरती पर यह आयोजन सिर्फ दो सगाइयों का कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर एक बड़ा जमावड़ा बन गया. एक तरफ प्रदेश के मुख्यमंत्री और कई बड़े मंत्री मौजूद रहे तो दूसरी तरफ अतरौली और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. स्वर्गीय कल्याण सिंह की राजनीतिक विरासत से जुड़े इस परिवार के समारोह ने एक बार फिर अलीगढ़ को प्रदेश की सियासत के केंद्र में ला खड़ा किया. दो भाइयों की सगाई, दो परिवारों का मिलन, डीपीएस की दोस्ती का रिश्तेदारी में बदलना और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में ठहाकों से गूंजता मंच इन तमाम तस्वीरों के साथ तालानगरी का यह आयोजन यादगार बन गया.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply