
भंडरा, लोहरदगा, झारखंड: एक घर में रात के समय हुई दोहरी हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पत्नी और एक अन्य युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दोनों को एक साथ देखने के बाद गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला किया था। हालांकि, मामले में सामने आई कई बातें फिलहाल आरोपी के बयान पर आधारित हैं और पुलिस उनकी जांच कर रही है।
घटना भंडरा प्रखंड के कुम्बाटोली की है। पुलिस के अनुसार, 34 वर्षीय सोनू कुमार लहेरी पर अपनी 32 वर्षीय पत्नी पूजा देवी और बिहार के पटना स्थित जलालपुर निवासी 30 वर्षीय रोहित कुमार की हत्या का आरोप है। बताया गया कि रोहित रविवार को सोनू के घर आया था। रात करीब 10 बजे सोनू ने दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद उसने कुल्हाड़ी से दोनों पर हमला कर दिया।
फेसबुक के जरिए संपर्क होने की बात आई सामने
पुलिस को दिए गए बयान में आरोपी सोनू ने बताया कि उसकी पत्नी पूजा का संपर्क रोहित से फेसबुक के जरिए हुआ था। कुछ दिन पहले पत्नी का मोबाइल देखने पर उसे दोनों के बीच संबंध होने का शक हुआ था।
आरोपी के मुताबिक, रविवार को रोहित उससे मिलने घर पहुंचा था। दिन में दोनों ने भंडरा के बाजार से सब्जियां भी खरीदी थीं। रात में खाना खाने के बाद जब सोनू कमरे में पहुंचा तो उसने दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देखा। इसके बाद गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दे दिया।
शोर सुनकर कमरे की ओर दौड़े परिजन
घटना के समय सोनू की बीमार मां और मौसी घर के दूसरे कमरे में सो रही थीं। वारदात के दौरान शोर सुनकर वे कमरे की ओर पहुंचीं, लेकिन तब तक आरोपी घर से निकल चुका था। ग्रामीणों ने रात करीब 11 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। आरोपी के लोहरदगा जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने रास्ते में ही उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आत्मसमर्पण करने जा रहा था।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएसपी समीर तिर्की और इंस्पेक्टर ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में उसके बयान, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सोनू और पूजा के दो बच्चे हैं, जिनके भविष्य को लेकर गांव में चिंता जताई जा रही है। मृतका पूजा के पिता लखन लहेरी और उनके बेटे ने भ



