BiharCrimeIndiaTrending

पत्नी से कहासुनी के बाद मासूमों पर टूटा कहर, तीन बच्चों की मौत से इलाके में मातम…

पत्नी से कहासुनी के बाद मासूमों पर टूटा कहर, तीन बच्चों की मौत से इलाके में मातम…

बिहार के पश्चिम चंपारण में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुमारबाग थाना क्षेत्र के भंगहा गांव में एक पिता पर अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंकने का आरोप लगा है। इस दर्दनाक हादसे में तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि पत्नी ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और आक्रोश फैल गया है।

जानकारी के अनुसार भंगहा गांव निवासी लोरिक यादव के बेटे रामबाबू यादव का सोमवार रात पत्नी ललिता देवी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि मंगलवार तड़के करीब तीन बजे रामबाबू पत्नी और तीनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर घर से निकला। उसने पत्नी से कहा था कि वह उसे मायके मझौलिया थाना क्षेत्र के बिरवा गांव छोड़ने जा रहा है।

बरोहिया नहर के पास दिया घटना को अंजाम

आरोप है कि लोहियारिया चौक से आगे छवरहिया गांव के पास बरोहिया नहर पहुंचने पर रामबाबू ने पहले पत्नी को नहर में धक्का दिया और फिर एक-एक कर तीनों बच्चों को भी पानी में फेंक दिया। ललिता देवी ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई और मायके पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

नहर से बरामद हुए तीनों बच्चों के शव

मंगलवार सुबह नहर में एक बच्ची का शव तैरता देख ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद नहर से दो और बच्चों के शव बरामद हुए।

बाद में तीनों बच्चों की पहचान रामबाबू यादव के बेटे-बेटियों के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपी पिता को लेकर लोगों में गुस्सा

बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी रामबाबू यादव को ससुराल पक्ष के लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply