CrimeIndiaTrending

 प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत, शादी का दबाव बना रही थी प्रेमिका, प्रेमी ने कर दिया बड़ा कांड, पुलिस ने किया गिरफ्तार…

 प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत, शादी का दबाव बना रही थी प्रेमिका, प्रेमी ने कर दिया बड़ा कांड, पुलिस ने किया गिरफ्तार…

Odisha Crime News: ओडिशा के गंजाम जिले में एक युवती की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. शुरुआती तौर पर सड़क दुर्घटना समझी जा रही घटना की जांच के बाद पुलिस ने इसे संदिग्ध मानते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसने अपनी प्रेमिका को ओवरब्रिज से नीचे गिराकर मौत के घाट उतार दिया और बाद में इसे हादसा बताने की कोशिश की.

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी और मृतका के बीच लंबे समय से संबंध थे. जांच में सामने आया कि दोनों के रिश्ते में पिछले कुछ समय से तनाव चल रहा था. युवती कथित तौर पर शादी को लेकर दबाव बना रही थी, जबकि युवक इससे बचना चाहता था.

घूमने के बहाने ले गया था युवक

आरोप है कि 7 जून को युवक युवती को अपने साथ घूमने के बहाने गोपालपुर ले गया. दिनभर साथ रहने के बाद दोनों रात में लौट रहे थे. इसी दौरान अंकुली ओवरब्रिज के पास युवती के नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई.

घटना के बाद युवक ने परिजनों को इसे सड़क दुर्घटना बताया. हालांकि, मामले की परिस्थितियों और उसके बयान में कई विसंगतियां सामने आने पर मृतका के परिजनों को शक हुआ. इसके बाद परिवार की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.

पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू की. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे मामला दुर्घटना से अधिक आपराधिक प्रतीत हुआ. जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया.

मृतका एक छात्रा थी और उच्च शिक्षा के साथ-साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी. उसके असमय निधन से परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. आगामी न्यायिक प्रक्रिया के दौरान मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आ सकते हैं.

एसपी ने क्या खुलासा किया?

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतका के मामा की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जांच के दौरान हमें कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिनसे संकेत मिला कि यह कोई सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है. आरोपी के शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं पाए गए और उसकी मोटरसाइकिल पर भी दुर्घटना से संबंधित कोई बड़ा नुकसान नहीं था.

उन्होंने बताया कि आरोपी द्वारा बताई गई दुर्घटना की जगह भी वास्तविक घटनास्थल से मेल नहीं खाती थी. अब तक जुटाए गए सबूतों के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उसने जांच को गुमराह करने के लिए घटना को दुर्घटनावश हुई मौत के रूप में पेश करने की कोशिश की. मामले की आगे की जांच जारी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply