
प्रयागराज, अमृत विचार। बाबा नीम करौली के जीवन और उनके चमत्कारों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों दर्शकों का ध्यान खींच रही है। फिल्म को देखने के लिए सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में दर्शकों की भीड़ पहुंच रही है। इसी क्रम में शनिवार को श्रृंगवेरपुर पीठाधीश्वर जगतगुरु शांडिल्य जी महाराज ने अपने शिष्यों के साथ प्रयागराज के एक पीवीआर में पहुंचकर ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखी।
सनातन परंपरा और गृहस्थ संत की परंपरा से परिचित कराती है फिल्म
फिल्म देखने के बाद जगतगुरु शांडिल्य जी महाराज ने कहा कि बाबा नीम करौली के जीवन और उनके चमत्कारों पर आधारित ‘हनुमान अंश’ लोगों को सनातन परंपरा से परिचित कराने के साथ ही गृहस्थ संत की परंपरा के बारे में जानकारी देती है। उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौली के अनुयायी आज पूरे विश्व में हैं। बाबा भगवान श्रीराम और हनुमान जी के अनन्य भक्त थे। जगतगुरु ने बताया कि गुरुकुल के बटुकों को भी ‘हनुमान अंश’ फिल्म दिखाई जा रही है, ताकि वे सनातन धर्म और उसकी परंपराओं के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकें।
सनातन धर्मावलंबियों से फिल्म देखने की अपील
जगतगुरु शांडिल्य जी महाराज ने कहा कि सरकार की ओर से सनातन धर्म को संरक्षण और सम्मान दिए जाने से सनातन धर्मावलंबियों में उत्साह और विश्वास बढ़ा है। उन्होंने सनातन धर्मावलंबियों से बड़ी संख्या में सिनेमाघरों में पहुंचकर ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखने की अपील की। उन्होंने फिल्म के कलाकारों, निर्मातानिर्देशक और पूरी टीम को भी प्रोत्साहित करने की बात कही।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिखाई जा रही निशुल्क फिल्म
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 से 20 सितंबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा पर्व मनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र के लोगों को निशुल्क ‘हनुमान अंश’ फिल्म दिखाई जा रही है। इसका उद्देश्य फिल्म के माध्यम से सनातन धर्म की परंपराओं और विचारों का प्रचारप्रसार करना बताया गया है।



