Bettiah News: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब संध्या अर्घ्य देकर घाट से लौट रहे लोगों को एक तेज रफ्तार बेकाबू स्कॉर्पियो ने रौंद दिया. रविवार देर शाम मझौलिया थाना क्षेत्र में एनएच727 स्थित लालसरैया ठरेसरी चौक पर हुए इस भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार और अफरातफरी मच गई.

मझौलिया के लालसरैया ठरेसरी चौक पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने राहगीरों और एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जिनकी पहचान बेतिया नगर थाना क्षेत्र के द्वारदेवी चौक निवासी खालिद और लिबर्टी सिनेमा चौक निवासी ओसामा के रूप में हुई है.
छठ घाट से लौट रहा एक ही परिवार हुआ हादसे का शिकार
हादसे में संध्या अर्घ्य देकर छठ घाट से घर लौट रहे लालसरैया निवासी अशोक चौधरी, उनकी पत्नी ललिता देवी, बेटी आराध्या कुमारी और बेटा अन्मय कुमार बुरी तरह जख्मी हो गए. चारों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेतिया से पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया है. इसके अलावा सड़क किनारे बैठे लालसरैया निवासी विकासचंद शील भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज बेतिया के जीएमसीएच में चल रहा है.
ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो सवार दो लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंपा, पूछताछ जारी
दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बेकाबू स्कॉर्पियो से जान बचाने के लिए लोग इधरउधर भागने लगे. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. बेतिया के एसडीपीओ1 अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके से पकड़े गए दोनों स्कॉर्पियो सवार लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं, हादसे में स्कॉर्पियो चालक समेत दो अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है.



