
तेज प्रताप यादव और शहजाद पूनावाला अब रियलिटी शो Rise & Fall में साथ नजर आएंगे। दोनों ने अपनी जोड़ी को ‘पटना मीट्स पुणे’ और ‘मुंबई मीट्स बिहार’ बताया। जानिए दोनों के बीच हुई खास बातचीत और शो में उनकी केमिस्ट्री कैसी होगी।
राजनीति की दुनिया में कुछ जोड़ियां ऐसी होती हैं, जिनकी कल्पना चुनावी मंच पर भी मुश्किल होती है। लेकिन कैमरे के सामने कहानी बदल जाती है। यहां न पार्टी का झंडा है, न चुनावी मंच और न वोटों का हिसाब- बस दो बिल्कुल अलग सियासी सफर वाले चेहरे हैं, जिन्हें एक ही मंच पर देखकर लोग भी चौंक सकते हैं। हम बात कर रहे हैं भाजपा छोड़ चुके पार्टी के पूर्व प्रवक्ता शहजाद पूनावाला और बिहार के पूर्व विधायक तेज प्रताप यादव की।
दोनों नेता सोशल मीडिया पर एक साथ दिख रहे हैं। शहजाद पूनावाला ने अपने इंस्टाग्राम रील में कहा, “जब पटना मिलता है पुणे से…” तो तेज प्रताप ने जवाब दिया, “जब मुंबई मिलती है बिहार से।” दोनों के मुताबिक इस जोड़ी में सब कुछ होगा- धमाल, बवाल और आखिर में कमाल।
यह कोई राजनीतिक गठबंधन नहीं है
हालांकि इसे राजनीतिक गठजोड़ समझने की गलती नहीं करनी चाहिए। कम से कम अभी तो नहीं। तेज प्रताप यादव और शहजाद पूनावाला दोनों रियलिटी शो ‘Rise & Fall’ के दूसरे सीजन के कंटेस्टेंट हैं। यह शो 26 सितंबर से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहा है।
पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग इस शो को होस्ट कर रहे हैं। शो में 15 कंटेस्टेंट्स को ‘रूलर्स’ और ‘वर्कर्स’ की भूमिका में बांटा गया है। यहां पेंटहाउस और बेसमेंट, सत्ता और अस्तित्व की लड़ाई देखने को मिलेगी।
शो में कौन-कौन हैं?
शो की कंफर्म लिस्ट में कई चर्चित नाम शामिल हैं:
स्वरा भास्कर
गौतम गुलाटी
करण पटेल
प्रियंका चाहर चौधरी
भोजपुरी स्टार काजल राघवानी
एक्टर-सिंगर सारा गुरपाल
सिवेत तोमर
निहारिका तिवारी
इरीना रुडाकोवा
कायरा अनु
कंटेंट क्रिएटर अनिश भगत
राज ग्रोवर
डिजिटल क्रिएटर और पत्रकार मनीष कश्यप
राजनीति से बाहर हुए, रियलिटी शो ने खोले दरवाजे
तेज प्रताप यादव और शहजाद पूनावाला की जोड़ी इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि दोनों उन राजनीतिक दलों से अब बाहर हैं, जिनके साथ उनकी सबसे ज्यादा पहचान जुड़ी रही है।
तेज प्रताप को मई 2025 में उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने आरजेडी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। इसके बाद उन्होंने जनशक्ति जनता दल बनाया। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने महुआ सीट से चुनाव लड़ा और तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं शहजाद पूनावाला ने अगस्त 2026 में बीजेपी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इसके पीछे “तत्काल वित्तीय और व्यक्तिगत परिस्थितियों” का हवाला दिया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का समर्थन जारी रखेंगे। अब दोनों को रियलिटी टीवी की दुनिया में नई जगह मिली है।
तेज प्रताप के लिए रियलिटी टीवी में दूसरी पारी
‘Rise & Fall’ तेज प्रताप यादव का रियलिटी टीवी में पहला कदम नहीं है। वह इस साल की शुरुआत में भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ से रियलिटी टीवी में डेब्यू कर चुके हैं। उस शो में वह एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत के साथ भी नजर आए थे और दोनों के बीच काफी फ्लर्ट वाला अंदाज देखने को मिला था। अब ‘Rise & Fall’ में तेज प्रताप की नई जोड़ी शहजाद पूनावाला के साथ बनी है।
48 सेकेंड की रील में ‘धमाल-बवाल-कमाल’
शहजाद पूनावाला ने 48 सेकेंड की एक इंस्टाग्राम रील शेयर की। इसमें यो यो हनी सिंह और दिलजीत दोसांझ का गाना ‘पंगा’ सुनाई देता है। रील की शुरुआत ही कुछ ऐसी होती है, जैसे किसी ऐसे गठबंधन का ऐलान हो रहा हो, जिसकी कल्पना शायद किसी चुनावी सर्वे ने भी नहीं की होगी। पूनावाला इस जोड़ी को “जब पटना मिलता है पुणे से” कहते हैं। इसके बाद वह अपना दूसरा जियोग्राफिकल कनेक्शन बताते हैं- “जब मुंबई मिलती है बिहार से।”
इसके बाद दोनों अपनी इस जोड़ी का ‘मैनिफेस्टो’ भी बता देते हैं। धमाल होगा। बवाल होगा। और बवाल के बाद कमाल होगा। पूनावाला ने इस समीकरण को अलग से भी समझाया। उनके मुताबिक, चुनौतियां होंगी, मतभेद होंगे और मजा भी आएगा। लेकिन जब पटना पुणे से मिलेगा तो धमाल और बवाल के बाद कमाल होगा।
‘जय सनातन’ से शुरू हुई दूसरी केमिस्ट्री
रील में बातचीत सिर्फ शहरों और राज्यों तक सीमित नहीं रहती। इसके बाद दोनों की बातचीत धार्मिक आस्था की तरफ मुड़ती है। दोनों ‘जय सनातन’ कहते हैं और अपने साझा ‘एजेंडे’ की बात करते हैं।
तेज प्रताप पहले कृष्ण भक्त रहे हैं और खुद को कान्हा से जोड़ते रहे हैं। अब वह भगवान शिव के भक्त हैं। वहीं शहजाद पूनावाला खुद को भगवान हनुमान का भक्त बताते हैं। तेज प्रताप इसी बात को शो में उनकी संभावित भूमिकाओं से जोड़ देते हैं। वह पूनावाला से कहते हैं, “तो आप अंदर बनना बजरंग बली और मैं राम बनूंगा।”
हालांकि रियलिटी शो में जिम्मेदारियों का यह बंटवारा शायद थोड़ा ज्यादा आसान नजर आता है। पूनावाला ने भी दोनों के बीच ‘सनातन की जड़ों से मजबूत जुड़ाव’ की बात कही है। लेकिन साथ ही उन्होंने रियलिटी शो की एक अहम सच्चाई भी बताई- गेम में उतरने के बाद हर किसी को अपनी शख्सियत के साथ खेलना होगा और अपना गेम खुद खेलना होगा।
अब असली गेम शो के अंदर होगा
फिलहाल तेज प्रताप यादव और शहजाद पूनावाला सिर्फ एक रियलिटी शो के कंटेस्टेंट हैं। शो के अंदर दोनों की यह केमिस्ट्री किस दिशा में जाती है, यह आने वाले एपिसोड में ही पता चलेगा। हालांकि राजनीति में दोनों का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है।



