
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित चंदवारा घाट के समीप बूढ़ी गंडक नदी से सोमवार को 35 वर्षीय महिला पिंकी देवी और उसके 17 वर्षीय बेटे आदर्श रौशन का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी है. दोनों के शव कपड़े की रस्सी से आपस में बंधे हुए थे. मृतकों की पहचान सीतामढ़ी जिले के मूल निवासी मां-बेटे के रूप में हुई है. बेटा नीट की तैयारी कर रहा था और अपनी मां के साथ मुजफ्फरपुर में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था.
बताया गया कि रविवार शाम दोनों स्कूटी से घर से निकले थे. देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान चंदवारा घाट के पास बूढ़ी गंडक नदी के बांध पर उनकी स्कूटी लावारिस हालत में मिली. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना पर अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नदी व आसपास के इलाके में देर रात तक खोजबीन की.
एसडीआरएफ की टीम ने नदी से निकाले शव
बुधवार को एसडीआरएफ की मदद से नदी में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें मां-बेटे के शव बरामद हुए. पुलिस के अनुसार, दोनों के शव कपड़े की रस्सी से बंधे मिले हैं. हालांकि, आसपास के लोगों ने दोनों को नदी में छलांग लगाते हुए नहीं देखा था, जिससे मामले को लेकर कई तरह के संदेह पैदा हो रहे हैं.
पुलिस खंगाल रही है कॉल डिटेल और साक्ष्य
पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. महिला के मकान मालिक और परिजनों से पूछताछ की जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रही थी, हालांकि उसकी परेशानी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस महिला के मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाल रही है. शव मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है और आत्महत्या, हादसा समेत अन्य सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है



