
स्वास्थ्य डेस्क: सुबह उठते ही नींबू पानी पीना कई लोगों की दिनचर्या का हिस्सा है। कुछ लोग इसे वजन कम करने, शरीर को डिटॉक्स करने और किडनी को स्वस्थ रखने का आसान तरीका मानते हैं। लेकिन क्या रोजाना नींबू पानी पीने से वाकई किडनी की सेहत बेहतर हो सकती है? हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, नींबू में मौजूद साइट्रेट किडनी में कुछ प्रकार की पथरी बनने का खतरा कम करने में मदद कर सकता है। खासतौर पर कैल्शियम ऑक्सलेट स्टोन से बचाव में इसकी भूमिका हो सकती है। हालांकि, हर व्यक्ति के लिए इसका सेवन फायदेमंद हो, यह जरूरी नहीं है।
मेडिकोवर हॉस्पिटल, खारघर, नवी मुंबई की डायटेटिक्स विभाग प्रमुख डॉ. राजेश्वरी पांडा के मुताबिक, सामान्य रूप से स्वस्थ लोग सीमित मात्रा में नींबू पानी पी सकते हैं। नींबू में मौजूद साइट्रेट पेशाब में साइट्रेट का स्तर बढ़ाने में मदद कर सकता है, जिससे कैल्शियम के साथ मिलकर पथरी बनने की आशंका कम हो सकती है। इसके अलावा पर्याप्त पानी पीना भी किडनी के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी है।
क्या किडनी के मरीज भी पी सकते हैं नींबू पानी?
किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोगों को नींबू पानी पीने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। क्रॉनिक किडनी डिजीज (CKD) के एडवांस स्टेज में कई मरीजों को डॉक्टर तरल पदार्थों का सेवन सीमित रखने की सलाह देते हैं। ऐसे में नींबू पानी भी उनकी निर्धारित दैनिक तरल मात्रा में शामिल होगा।
किडनी की कार्यक्षमता कम होने पर शरीर में पोटैशियम जमा होने का खतरा भी बढ़ सकता है। नींबू में थोड़ी मात्रा में पोटैशियम मौजूद होता है। इसलिए जिन मरीजों को पोटैशियम सीमित रखने की सलाह दी गई है, उन्हें अपनी डाइट में नींबू पानी शामिल करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लेनी चाहिए।
डायलिसिस कराने वाले मरीजों को भी तरल पदार्थों की मात्रा नियंत्रित रखनी पड़ सकती है। ऐसे में उनके लिए नींबू पानी की मात्रा बीमारी की स्थिति, जांच रिपोर्ट और डॉक्टर की सलाह के अनुसार तय होनी चाहिए।
ज्यादा नींबू पानी पीने से हो सकती हैं ये परेशानियां
नींबू पानी सीमित मात्रा में पीना सामान्य तौर पर ज्यादातर लोगों के लिए सुरक्षित हो सकता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर कुछ समस्याएं हो सकती हैं।
- एसिडिटी और सीने में जलन: नींबू में मौजूद एसिड कुछ लोगों में एसिडिटी और एसिड रिफ्लक्स की परेशानी बढ़ा सकता है।
- दांतों के इनेमल को नुकसान: नींबू की अधिक अम्लीय प्रकृति दांतों की बाहरी सुरक्षात्मक परत यानी इनेमल को धीरे-धीरे कमजोर कर सकती है।
- पेट में जलन: जिन लोगों को पहले से पेट में जलन या एसिड रिफ्लक्स की समस्या है, उन्हें नींबू पानी पीने से परेशानी बढ़ सकती है।
दांतों को एसिड के संपर्क से बचाने के लिए नींबू पानी पीने के बाद सामान्य पानी से कुल्ला करना बेहतर रहता है। इसके तुरंत बाद ब्रश करने से बचना चाहिए।
क्या रोजाना नींबू पानी पीना जरूरी है?
एक्सपर्ट के मुताबिक, किडनी को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना नींबू पानी पीना जरूरी नहीं है। यह संतुलित खानपान और पर्याप्त हाइड्रेशन का हिस्सा हो सकता है, लेकिन इसे किडनी की बीमारी का इलाज या पथरी से बचाव की गारंटी नहीं समझना चाहिए।
किडनी की पथरी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीना महत्वपूर्ण है। वहीं, जिन लोगों को पहले पथरी हो चुकी है, उन्हें पथरी के प्रकार और जांच रिपोर्ट के आधार पर खानपान में बदलाव करना चाहिए।
किडनी के मरीजों को अपनी मर्जी से पानी या दूसरे तरल पदार्थों की मात्रा नहीं बढ़ानी चाहिए। उन्हें अपनी किडनी की कार्यक्षमता, पोटैशियम के स्तर और डॉक्टर की ओर से तय की गई डाइट के अनुसार ही नींबू पानी का सेवन करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख उपलब्ध स्वास्थ्य जानकारियों और विशेषज्ञों के बयानों पर आधारित है। नींबू पानी किडनी की बीमारी का इलाज नहीं है। किडनी रोग से पीड़ित लोग अपनी डाइट और तरल पदार्थों में बदलाव करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
Satya Report



