चंडीगढ़ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बी. एल. संतोष ने सोमवार को कहा कि पंजाब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है और भाजपा इस बदलाव को वास्तविकता में बदलने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल कर राज्य में अपनी सरकार बनाएगी।

संतोष ने यह बात पंजाब के अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे के पहले दिन पटियाला में आयोजित पहली जोनल बैठक को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले मोहाली एयरपोर्ट पहुंचने पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष के.एस. ढिल्लों और पंजाब भाजपा के सहप्रभारी नरेंद्र सिंह रैना ने उनका स्वागत किया। अपने दौरे के दौरान संतोष पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा नेताओं और संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ जोनल बैठकें कर पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। बैठकों में विशेष रूप से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को पंजाब के लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। संतोष ने सोमवार को पटियाला और बठिंडा में संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता की। पच्चीस अगस्त को लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में जोनल बैठकें आयोजित की जाएंगी। अमृतसर में प्रदेश के महासचिवों के साथ अलग बैठक भी होगी।
भाजपा के अनुसार, इन बैठकों का उद्देश्य पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में संगठन के कामकाज की समीक्षा करना, चुनावी तैयारियों को मजबूत करना, नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उधर, पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने विशेष बातचीत में कहा कि पंजाब में अकाली दल के साथ समझौते के रास्ते खुले हुए हैं, हालांकि इस बारे में केंद्रीय नेतृत्व से मार्गदर्शन की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के कार्यकर्ता भी फिलहाल अकेले ही चुनाव मैदान में उतरने की चाहत में हैं, लेकिन राजनीति में कभी भी संभावनाओं के दरवाजे बंद नहीं होते। बीजेपी सांसद ने ये भी कहा कि अभी पुख्ता तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता कि बीजेपी पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी या फिर किसी के साथ समझौता करेगी।
पंजाब में टिकट वितरण को लेकर सतीश पूनिया ने कहा कि हमारी प्राथमिकता वहां चुनाव जीतने वाले मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की होगी। ऐसे में अगर आम आदमी पार्टी या दूसरे दलों के ऐसे मजबूत नेता जो बीजेपी की विचारधारा में विश्वास जताएंगे तो उन पर भी भरोसा जताया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के सांसदों में भी तोडफ़ोड़ नहीं की बल्कि जो लोग विचारधारा से प्रभावित होकर आए, उन्हें अपने साथ लिया। विधायक व दूसरे नेता भी अगर बीजेपी में आना चाहते हैं तो जरूर विचार होगा।
सतीश पूनिया ने दावा किया कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है और लोग वहां आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की सरकारों से ऊब चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब देश के दूसरे राज्यों की तरह विकास चाहते हैं और नशे से छुटकारा चाहते हैं। नए नए प्रभारी बने पूनिया ने कहा कि बीजेपी को पंजाब में कमजोर नहीं आंकना चाहिए।



