भारत में एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना 1,36,502 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला और कारोबार के दौरान 1,37,587 रुपए प्रति 10 ग्राम के ऊंचे स्तर तक पहुंच गया. पिछले दिनों भारी गिरावट के बाद सोने का भाव एक साल के निचले स्तर से संभलता नजर आया. वहीं, चांदी की शुरुआत गिरावट के साथ 1,79,692 रुपए प्रति किलो पर हुई, लेकिन बाद में इसमें भी तेजी आई और भाव 1,80,199 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में निचले स्तर से सुधार देखने को मिला. कॉमेक्स पर सोना 3,920 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा था. इससे पहले यह गिरकर 3,850 डॉलर प्रति औंस के स्तर तक पहुंच गया था, जो करीब एक साल का निचला स्तर है. वहीं, चांदी भी 52 सप्ताह के निचले स्तर 48.050 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंचने के बाद संभली.
क्या जारी रहेगी ये तेजी?
बाजार के जानकारों का मानना है कि सोने और चांदी में आई इस तेजी को अभी बड़ी रिकवरी मानना जल्दबाजी होगी. आने वाले दिनों में इनकी कीमतों पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़े फैसलों का असर देखने को मिल सकता है. अमेरिका में महंगाई बढ़ने की आशंका के कारण फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की चर्चा तेज हो गई है. इससे डॉलर मजबूत हुआ है और अमेरिकी बॉन्ड पर मिलने वाला रिटर्न भी बढ़ा है. ऐसे माहौल में सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं की मांग पर दबाव बन सकता है.
मीडिया रिपोर्ट्स में जानकारों का कहना है कि अमेरिका में महंगाई को लेकर नई चिंताओं के बीच बाजार को अगले महीने होने वाली फेडरल रिजर्व की बैठक में 50 बेसिस पॉइंट की ब्याज दर बढ़ोतरी की आशंका है. इससे डॉलर मजबूत हुआ है और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में भी तेजी आई है. मजबूत डॉलर के कारण दूसरे देशों के खरीदारों के लिए सोना महंगा हो जाता है, जबकि बॉन्ड से ज्यादा रिटर्न मिलने पर निवेशक सोने और चांदी से दूरी बना सकते हैं.
चांदी की कीमतों में कितनी तेजी की उम्मीद?
चांदी के मामले में भी बाजार का रुख फिलहाल सतर्क बना हुआ है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी को मजबूती हासिल करने के लिए 52 डॉलर प्रति औंस के ऊपर टिकना जरूरी है. अगर यह 49 डॉलर से नीचे जाती है तो कीमत 46.50 डॉलर तक गिर सकती है. तकनीकी संकेतकों के मुताबिक, चांदी का RSI करीब 32 पर है, जो बताता है कि यह ओवरसोल्ड स्थिति के करीब पहुंच रही है. इसका मतलब है कि कीमतों में लगातार गिरावट के बाद खरीदारी का मौका बन सकता है. हालांकि, अभी तेजी के मजबूत संकेत नहीं मिले हैं.
MCX पर चांदी के लिए 1,88,000 रुपए प्रति किलो का स्तर अहम माना जा रहा है. इसके ऊपर टिकने पर कीमतों में स्थिरता आ सकती है. वहीं, 1,78,000 रुपए के नीचे जाने पर चांदी 1,72,000 रुपए प्रति किलो तक फिसल सकती है. भारतीय रुपए में कमजोरी घरेलू बाजार में सोनेचांदी की कीमतों को कुछ सहारा दे रही है, लेकिन इससे अंतरराष्ट्रीय दबाव पूरी तरह खत्म नहीं हो रहा है. ऐसे में अगर आप सोने या चांदी में निवेश करने की योजना बना रहे हैं तो जल्दबाजी करने के बजाय बाजार के अहम स्तरों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसलों पर नजर रखना जरूरी है.
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.



