बॉलीवुड में ऐसे कई स्टार किड्स रहे हैं जिन्हें शानदार लॉन्च मिला, लेकिन हर किसी का करियर उम्मीदों के मुताबिक नहीं चला। सोनम कपूर भी उन्हीं नामों में शामिल हैं। अनिल कपूर की बेटी होने के कारण उन्हें इंडस्ट्री में एंट्री तो बड़े बैनर के साथ मिली, लेकिन करीब 16 साल के करियर में उनकी फिल्मोग्राफी उतारचढ़ाव से भरी रही। लगभग 20 फिल्मों के करियर में जहां करीब आधी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल रहीं, वहीं उनके खाते में सिर्फ एक बड़ी ब्लॉकबस्टर दर्ज हुई। इसके बावजूद सोनम ने खुद को सिर्फ एक अभिनेत्री नहीं, बल्कि बॉलीवुड की फैशन आइकन और प्रभावशाली सार्वजनिक शख्सियत के रूप में स्थापित किया।

संजय लीला भंसाली के साथ शुरुआत
सोनम कपूर ने फिल्मों में आने से पहले निर्देशक संजय लीला भंसाली के साथ बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया था। फिर भंसाली ने ही उन्हें रणबीर कपूर के साथ साल 2007 की फिल्म ‘सांवरिया’ में लॉन्च किया। फिल्म से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई। हालांकि सोनम की स्क्रीन प्रेजेंस और ग्लैमर ने लोगों का ध्यान जरूर खींचा।
शुरुआती संघर्ष और लगातार असफलताएं
‘सांवरिया’ के बाद सोनम ने ‘दिल्ली6’, ‘आई हेट लव स्टोरीज’ और ‘आयशा’ में काम किया। इसमें से ‘आई हेट लव स्टोरीज’ एवरेज गई और बाकी दोनों फिल्में फ्लॉप हो गईं। फिर 2011 और 2012 में उनकी तीन मूवीज रिलीज हुई। इसमें ‘थैंक यू’, ‘मौसम’ और ‘प्लेयर्स’ थी। ये तीनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई। उस दौर में अक्सर उनकी एक्टिंग की आलोचना होती थी और माना जाता था कि वह अपनी फैशन छवि के कारण ज्यादा चर्चा में रहती हैं।
‘रांझणा’ से बदली तस्वीर
फिर साल 2013 में ‘रांझणा’ आई और यह सोनम कपूर के करियर का अहम मोड़ साबित हुई। धनुष और अभय देओल के साथ इस फिल्म में उनके अभिनय को पहले के मुकाबले बेहतर प्रतिक्रिया मिली। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया और सोनम को एक गंभीर अभिनेत्री के रूप में देखा जाने लगा।
इसके बाद उसी साल ‘भाग मिल्खा भाग’ में उनकी छोटी, लेकिन प्रभावी भूमिका ने भी उन्हें चर्चा में रखा। हालांकि, फिल्म की सफलता का श्रेय मुख्य रूप से फरहान अख्तर और कहानी को मिला, लेकिन सोनम को इसका फायदा जरूर मिला।
‘नीरजा’ बनी करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि
2016 में रिलीज हुई नीरजा को सोनम कपूर के करियर की सर्वश्रेष्ठ फिल्म माना जाता है। एयर होस्टेस नीरजा भनोट की सच्ची कहानी पर आधारित इस फिल्म में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई। फिल्म को आलोचकों और दर्शकों दोनों का प्यार मिला।
नीरजा ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की, बल्कि सोनम को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी दिलाया। यह पहली बार था जब दर्शकों ने उन्हें पूरी फिल्म अपने कंधों पर संभालते हुए देखा।
एकमात्र ब्लॉकबस्टर और कमर्शियल सफलता
सोनम कपूर के करियर की सबसे बड़ी व्यावसायिक सफलता 2018 में आई ‘संजू’ रही। रणबीर कपूर स्टारर इस फिल्म ने रिकॉर्डतोड़ कमाई की और ब्लॉकबस्टर साबित हुई। हालांकि, इसमें सोनम का रोल सीमित था, लेकिन तकनीकी रूप से यह उनके करियर की इकलौती ब्लॉकबस्टर फिल्म मानी जाती है। उसी साल ‘वीरे दी वेडिंग’ भी बड़ी हिट साबित हुई। फिल्म ने महिला केंद्रित फिल्मों के लिए नया बाजार तैयार किया और सोनम के करियर की सबसे सफल फिल्मों में शामिल हुई।
फिर लौटा ठहराव
साल 2019 के बाद सोनम का फिल्मी करियर धीमा पड़ता गया। ‘द जोया फैक्टर’ जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल रहीं। शादी और फिर मातृत्व के बाद उन्होंने फिल्मों से कुछ दूरी बना ली। 2023 में आई ‘ब्लाइंड’ से उन्होंने वापसी की कोशिश की, लेकिन फिल्म खास प्रभाव नहीं छोड़ सकी।
फैशन आइकन के रूप में बनाई अलग पहचान
अगर अभिनय के लिहाज से सोनम का करियर मिश्रित रहा, तो फैशन की दुनिया में उनका प्रभाव बेहद मजबूत रहा है। रेड कार्पेट से लेकर कान्स फिल्म फेस्टिवल तक, सोनम ने भारतीय सेलिब्रिटीज के फैशन को वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें अक्सर बॉलीवुड की पहली “फैशनिस्टा” कहा जाता है, जिसने स्टाइल को अपने ब्रांड का हिस्सा बनाया।



