CrimeIndia

​दिल्ली: मोहन गार्डन में स्कूल के बाहर 12वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, 5 आरोपी पकड़े गए

Delhi Crime News: दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में स्कूल के बाहर हुई छात्र की हत्या से हड़कंप मच गया. 17 साल का छात्र सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता था. आरोप है कि स्कूल में हुए विवाद के बाद कुछ छात्रों ने छुट्टी के समय उस पर हमला कर दिया. इसी दौरान एक आरोपी ने छात्र को चाकू मार दिया. गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

​दिल्ली: मोहन गार्डन में स्कूल के बाहर 12वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, 5 आरोपी पकड़े गए

जूते पहनने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले स्कूल में दो छात्रों के बीच जूते पहनने को लेकर विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि एक छात्र ने दूसरे छात्र की शिकायत शिक्षक से कर दी थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई. आरोप है कि विवाद के दौरान एकदूसरे को धमकी भी दी गई थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्कूल में हुआ यही विवाद बाद में हिंसक झड़प की वजह बना. हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ये भी पढे़ं

छुट्टी के बाद स्कूल के बाहर हमला

14 अक्टूबर की शाम करीब 6:10 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र अपने दोस्तों के साथ बाहर निकला था. आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के छात्रों ने उन पर हमला कर दिया. हमले के दौरान एक आरोपी ने 17 साल के छात्र पर चाकू से वार कर दिया. चाकू लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई.

3 नाबालिग समेत 5 आरोपी पकड़े गए

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को पकड़ा है. इनमें तीन नाबालिग और दो बालिग शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, तीन आरोपी उसी स्कूल में पढ़ते हैं, जहां मृतक छात्र पढ़ाई करता था. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी स्कूल के गेट के पास से बरामद कर लिया है. मामले में हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्कूल में हुए विवाद के बाद हमला करने की योजना कैसे बनी और वारदात में किसकी क्या भूमिका थी. साथ ही, घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों के बयानों की भी जांच की जा रही है. स्कूल के भीतर शुरू हुआ मामूली विवाद इस कदर बढ़ गया कि एक 17 साल के छात्र की जान चली गई.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply