आईपीएल में धमाकेदार बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी अब भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम बन चुके हैं. कम उम्र में ही उन्होंने करोड़ों रुपये की कमाई कर ली है. इसके बाद लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या नाबालिग होने के कारण उन्हें इनकम टैक्स से छूट मिलेगी या फिर उनकी आय पर भी टैक्स लागू होगा. आयकर कानून में ऐसे मामलों के लिए विशेष नियम बनाए गए हैं, जिनके तहत प्रतिभा के दम पर कमाने वाले नाबालिगों की आय का अलग प्रावधान है.
आमतौर पर आयकर कानून के तहत किसी नाबालिग बच्चे की आय को उसके मातापिता की आय में जोड़ दिया जाता है. इसे क्लबिंग ऑफ इनकम कहा जाता है. इसके बाद उस आय पर मातापिता के टैक्स स्लैब के अनुसार कर लगाया जाता है. हालांकि, इस नियम में कुछ महत्वपूर्ण अपवाद भी हैं. यदि कोई नाबालिग अपनी विशेष प्रतिभा, कौशल या मेहनत के आधार पर कमाई करता है, तो उसकी आय को मातापिता की आय में नहीं जोड़ा जाता. इसमें खेल, अभिनय, गायन, कला या अन्य पेशेवर प्रतिभा से होने वाली आय शामिल है.
वैभव सूर्यवंशी पर कैसे लागू होंगे नियम?
वैभव सूर्यवंशी की कमाई क्रिकेट में उनके प्रदर्शन और प्रतिभा के कारण हो रही है. इसलिए आयकर नियमों के अनुसार उनकी आय को स्वतंत्र आय माना जाएगा. यानी उनकी कमाई क्लबिंग ऑफ इनकम के दायरे में नहीं आएगी. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि उनकी आय पूरी तरह टैक्स से मुक्त होगी. यदि उनकी कुल आय आयकर विभाग द्वारा तय सीमा से अधिक है, तो उस पर नियमानुसार टैक्स देय होगा. चूंकि वैभव अभी नाबालिग हैं, इसलिए उनके नाम से आयकर रिटर्न उनके मातापिता या कानूनी अभिभावक द्वारा दाखिल किया जाएगा. रिटर्न में उनकी क्रिकेट से हुई कमाई, ब्रांड एंडोर्समेंट, पुरस्कार राशि या अन्य आय के स्रोतों का विवरण दिया जाएगा.
आईपीएल से मिली नई पहचान
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले दो आईपीएल सीजन में शानदार प्रदर्शन कर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है. उनके खेल से प्रभावित होकर चयनकर्ताओं ने उन्हें भारतीय टीम में मौका दिया. मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने भी माना कि वैभव ने अपने प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं को उन्हें चुनने के लिए मजबूर कर दिया. कम उम्र में मिली यह सफलता उन्हें भारतीय क्रिकेट का उभरता हुआ सितारा बना रही है.



