BollywoodBusinessChhattisgarhCricketCrimeDelhiDharamHaryanaIndiaTrending

विमल के चक्कर में फंसे बॉलीवुड के 3 बड़े सुपरस्टार, FDA ने थमाया नोटिस; लग सकता है भारी जुर्माना

मुंबई : ‘बोलो जुबां केसरी’ का नारा अब बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों के लिए ही मुसीबत का सबब बन गया है। विमल इलायची के एक विज्ञापन को लेकर सिनेमा जगत के तीन दिग्गज अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए इन तीनों सुपरस्टार्स को कारण बताओ नोटिस थमा दिया है। इन सितारों पर सरोगेट विज्ञापन के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से प्रतिबंधित पान मसाले का प्रचार करने का बेहद गंभीर आरोप लगा है, जिसके बाद अब इन पर कानूनी कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

सरोगेट विज्ञापन का आरोप और प्रतिबंध का खुला उल्लंघन
FDA की ओर से जारी किए गए नोटिस में यह साफ तौर पर कहा गया है कि विमल इलायची के इस विज्ञापन में इस्तेमाल किए गए ब्रांड नाम, अभिनेताओं के संवाद और प्रस्तुति का तरीका सीधे तौर पर पान मसाला से जुड़ा हुआ संदेश देते हैं। गौर करने वाली बात यह है कि महाराष्ट्र में 13 जुलाई 2026 को जारी एक आदेश के तहत राज्य में पान मसाला जैसे उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर एक साल का पूर्ण प्रतिबंध लगा हुआ है। ऐसे में इस विज्ञापन को प्रतिबंधित उत्पाद को पिछले दरवाजे से बेचने की एक कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

भ्रामक प्रचार पर लग सकता है 10 लाख रुपये तक का जुर्माना
खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए एफएसएसएआई के कड़े नियमों का डंडा चलाया है। एफडीए ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट, 2006 की धारा 24 और 53 का हवाला देते हुए अपना कड़ा रुख स्पष्ट किया है। कानून के मुताबिक, खाद्य पदार्थों से जुड़े ऐसे किसी भी भ्रामक विज्ञापन पर सख्त रोक है जो उपभोक्ता को गुमराह करते हों। इस कानून के उल्लंघन और भ्रामक प्रचार के साबित होने पर इन अभिनेताओं को 10 लाख रुपये तक का भारीभरकम जुर्माना भी चुकाना पड़ सकता है।

ऑनलाइन और मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रहे विज्ञापन पर मांगा स्पष्टीकरण
विभाग द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि विमल इलायची का यह विवादित विज्ञापन फिलहाल विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और अन्य मीडिया माध्यमों पर धड़ल्ले से प्रसारित किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर एफडीए ने अजय देवगन, शाहरुख खान और टाइगर श्रॉफ से विज्ञापन में उनकी भागीदारी को लेकर विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है। विभाग ने इन तीनों अभिनेताओं से साफ शब्दों में पूछा है कि नियमों की इस अनदेखी के लिए उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई क्यों न की जाए। अब सभी की निगाहें इन सितारों के जवाब पर टिकी हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply